लगातार छठे सप्ताह नये सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुँचा फॉरेक्स (Forex)

02 नवंबर को समाप्त हुए हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) या फॉरेक्स 3.515 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 446.098 अरब डॉलर के नये सर्वकालिक शिखर पर पहुँच गया।

यह लगातार छठा सप्ताह रहा, जिसमें फोरेक्स नये सर्वकालिक शिखर पर पहुँचा। इससे पिछले सप्ताह में फॉरेक्स 1.832 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 442.583 अरब डॉलर हो गया था।
13 अप्रैल 2018 को फॉरेक्स 426.02 अरब डॉलर तक पहुँचा था, जो एक साल से अधिक समय तक रिकॉर्ड बना रहा। जानकारों के मुताबिक 428 अरब डॉलर का फोरेक्स करीब 10 महीनों तक का आयात संभाल सकता है। इस लिहाज से देश के मौजूदा फॉरेक्स से 10 महीनों से ज्यादा समय तक देश का आयात खर्च चल सकता है।
आरबीआई के आँकड़ों के मुताबिक 02 नवंबर 2019 को समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा संपत्ति, फॉरेक्स भंडार का सबसे प्रमुख घटक, 3.201 करोड़ डॉलर बढ़ कर 413.654 अरब डॉलर हो गयी, जिससे फॉरेक्स को सबसे अधिक सहारा मिला।
आरबीआई (RBI) द्वारा जारी किये आँकड़ों के अनुसार देश का स्वर्ण भंडार 30.1 करोड़ डॉलर की वृद्धि के साथ 27.353 अरब डॉलर हो गया। वहीं विशेष आहरण अधिकार या विदेशी निकासी अधिकार (एसडीआर) 20 लाख डॉलर बढ़ कर 1.443 अरब डॉलर और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ आरबीआई की आरक्षित स्थिति 1 करोड़ डॉलर घट कर 3.648 अरब डॉलर हो गयी। (शेयर मंथन, 09 नवंबर 2019)