अक्टूबर में घरेलू यात्री वाहन बिक्री में मामूली वृद्धि : सियाम (SIAM)

सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के अनुसार देश में वर्ष दर वर्ष आधार पर अक्टूबर 2019 में घरेलू यात्री वाहन बिक्री में 0.28% की मामूली बढ़ोतरी हुई है।

अक्टूबर 2018 में 2,84,223 इकाइयों की तुलना में 2019 की समान अवधि में कुल 2,85,027 यात्री वाहन बिके। मगर अक्टूबर में कुल बिक्री घटी है। अक्टूबर महीने में कुल वाहन बिक्री 24,94,345 इकाई से 12.76% घट कर 21,76,136 इकाई रह गयी। यह लगातार 12वाँ महीना रहा, जिसमें वाहनों की कुल बिक्री में गिरावट दर्ज की गयी।

इस दौरान मोटरसाइकिल बिक्री 13,27,758 इकाई से 15.88% घट कर 11,16,970 इकाई और कुल दोपहिया वाहनों की बिकवाली 20,53,497 इकाई से 14.43% घट कर 17,57,264 इकाई रह गयी। वहीं कारोबारी वाहनों की बिक्री 23.31% लुढ़क कर 66,773 इकाई और कारों की बिक्री 1,85,400 इकाई से 6.34% गिर कर 1,73,649 इकाई रह गयी।
जानकारों का मानना है कि यात्री वाहनों में मामूली वृद्धि का मुख्य कारण पिछले महीने रहा त्योहारी सत्र है। (शेयर मंथन, 11 नवंबर 2019)