भारत का फॉरेक्स (Forex) 457 अरब डॉलर के पार, बीते साल 64 अरब डॉलर बढ़ा

सत्ताइस दिसंबर को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) या फॉरेक्स (Forex) नये सर्वकालिक शिखर पर पहुँच गया।

27 दिसंबर 2019 को खत्म हफ्ते में फॉरेक्स 2.520 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 457.468 अरब डॉलर के नये सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुँच गया। इससे पिछले सप्ताह में फॉरेक्स 0.456 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 454.948 अरब डॉलर रहा था। पिछले एक साल में देश के फॉरेक्स में 64 अरब डॉलर से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। 28 दिसंबर 2018 को समाप्त हफ्ते में देश का फॉरेक्स 393.404 अरब डॉलर रहा था।
भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की ओर से शुक्रवार को जारी किये गये आँकड़ों के मुताबिक फॉरेक्स की सबसे प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा संपत्ति (Foreign currency assets) 27 दिसंबर 2019 को समाप्त हुए हफ्ते में 2.203 अरब डॉलर बढ़ कर 424.936 अरब डॉलर हो गयी, जिससे फॉरेक्स भंडार को सबसे अधिक मदद मिली। इससे पिछले सप्ताह यह 422.732 अरब डॉलर रही थी।
आरबीआई के मुताबिक विशेष आहरण अधिकार (SDRs) 27 दिसंबर 2019 को समाप्त सप्ताह में 20 लाख डॉलर की कमी के साथ 1.441 अरब डॉलर के रहे। इस दौरान देश का स्वर्ण भंडार (Gold Reserves) 0.260 अरब डॉलर बढ़ कर 27.392 अरब डॉलर हो गया। इससे पिछले हफ्ते यह 27.132 अरब डॉलर रहा था। (शेयर मंथन, 04 जनवरी 2020)