22 नवंबर को 20 साल बाद आ रहा टाटा समूह की कंपनी Tata Technologies का आईपीओ

टाटा समूह की कंपनी टाटा टेक्नोलॉजीज (Tata Technologies Ltd) के आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) में निवेशक 22 नवंबर से अभिदान कर सकेंगे। इसकी मूल कंपनी टाटा मोटर्स (Tata Motors Ltd) सोमवार देर शाम इसकी जानकारी दी। यह आईपीओ 24 नवंबर तक खुला रहेगा।

टाटा समूह की किसी कंपनी का आईपीओ तकरीबन 20 साल के बाद दस्तक देने जा रहा है। इससे पहले 2004 में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (Tata Consultancy Services Ltd) का आईपीओ आया था। एक्सचेंज को दी सूचना में कंपनी ने कहा, ‘हम आपको बताना चाहते हैं कि कंपनी को बताया गया है कि टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड ने आज महाराष्ट्र के पुणे में रजिस्ट्रार ऑफ कंपनी के समक्ष 13 नवंबर 2023 को आरएचपी दस्तावेज सौंपा है। यह आईपीओ कैश के बदले 60,850,278 इक्विटी शेयरों के लिए बिक्री पेशकश (ऑफर फॉर सेल) है। इसमें कंपनी अपने तकरीबन 46,275,000 इक्विटी शेयरों, अल्फा टीसी होल्डिंग्स पीटीई के तकरीबन 9,716,853 शेयरों, और टाटा कैपिटल ग्रोथ फंड के तकरीबन 4,858,425 इक्विटी शेयरों की पेशकश होगी। इसमें प्रत्येक का प्रतिनिधित्व क्रमश: 11.41%, 2.40% और 1.20% होगा।’

टाटा मोटर्स की सहयोगी कंपनी टाटा टेक्नोलॉजीज ने आईपीओ के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास 09 मार्च 2023 को ड्राफ्ट रेड हेर्रिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दस्तावेज जमा किया था। हालाँकि इस आईपीओ के प्राइस बैंक पर अभी कोई सूचना नहीं मिली है।

टाटा मोटर्स ने ब्रिटेन स्थिति जैगुआर लैंड रोवर के धमाकेदार प्रदर्शन की बदौलत 2 नवंबर को सितंबर 2023 को समाप्ति दूसरी तिमाही में 3783 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड शुद्ध लाभ अर्जित किया है। देश की प्रमुख घरेलू ऑटो कंपनी की यह लगातार चौथा सफल तिमाही प्रदर्शन।

(शेयर मंथन, 14 नवंबर 2023)