जापान के साथ हुआ अमेरिका का समझौता, महज 15% रहेगा शुल्क

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने जापान के साथ ऐतिहासिक व्यापार समझौते का ऐलान किया है, जिसमें 15% आयात शुल्क (टैरिफ) और 550 अरब डॉलर का निवेश शामिल है। इस समझौते से अमेरिकी वाहन, कृषि और ऊर्जा क्षेत्रों को बढ़त मिलेगी, जबकि जापान को कम अमेरिकी शुल्क का सामना करना होगा।

इस तरह, ट्रंप के व्यापार युद्ध की रणनीति अब ठोस परिणाम देने लगी है। जापान के साथ एक अहम व्यापार समझौते की घोषणा करते हुए ट्रंप ने कहा है कि यह अब तक का शायद सबसे बड़ा सौदा है। इस सौदे के तहत जापान अमेरिका में 550 अरब डॉलर का निवेश करेगा और ट्रंप के अनुसार, इसका 90% लाभ अमेरिका को मिलेगा। इससे लाखों नयी नौकरियों के सृजन की उम्मीद की जा रही है।

इस समझौते के तहत जापान से अमेरिका को होने वाले निर्यात पर अब 15% शुल्क लगेगा। पहले यह दर 25% थी। ट्रंप ने इस महीने नये सिरे से शुल्क का ऐलान करते हुए 25% दर की जानकारी दी थी, जो समझौता नहीं होने की स्थिति में 1 अगस्त से लागू होने वाली थी।

जापान के ऑटो क्षेत्र को बड़ी राहत

यह समझौता हो जाने से खास तौर पर जापान के वाहन क्षेत्र को राहत मिली है। अब जापानी गाड़ियों और उनके पुर्जों पर 15% शुल्क लगेगा। जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा ने भी इस बात की पुष्टि की है। जापान के लिए यह क्षेत्र बेहद अहम है। वर्ष 2024 में जापान से अमेरिका को कुल निर्यात में वाहनों का हिस्सा 28.3% था।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर इस सौदे से संबंधित अपने पोस्ट में एक और रणनीतिक साझेदारी का संकेत दिया। यह तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) के क्षेत्र में सहयोग के बारे में है। इससे अमेरिकी ऊर्जा निर्यात को नया प्रोत्साहन मिलेगा। इसके अलावा जापान ने अमेरिकी चावल, ट्रक और कृषि उत्पादों के लिए अपने बाजार को खोलने पर सहमति जतायी है। इससे अमेरिका के कृषि और खाद्य निर्यातकों को नये अवसर मिल सकते हैं।

इस व्यापार समझौते का जापान के भीतर राजनीतिक असर भी देखा जा सकता है। प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा पहले ही ऊपरी सदन के चुनाव में बहुमत खो चुके हैं। हालाँकि उन्होंने पद पर बने रहने की घोषणा की है, लेकिन जापानी मीडिया की खबरों के अनुसार वे अगस्त तक इस्तीफा दे सकते हैं। माना जा रहा है कि यह व्यापार समझौता उनके राजनीतिक अस्तित्व के लिए एक निर्णायक मोड़ साबित हो सकता है।

टैरिफ समझौते से जापान का शेयर बाजार उछला

दूसरी ओर, समझौते की घोषणा का शेयर बाजार पर सकारात्मक असर दिख रहा है। सौदे की घोषणा के बाद टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज में आज बुधवार को उत्साह दिखा। इससे निक्केई 225 इंडेक्स 3% से अधिक चढ़ गया। जापानी वाहन कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी आयी। टोयोटा में 11%, माजदा मोटर में 17%, मित्सुबिशी मोटर्स में 13%, होंडा में 8% और निसान में 8% से अधिक की उछाल देखी गयी।

ट्रंप सरकार 90 दिनों में 90 व्यापार सौदों का लक्ष्य लेकर चल रही है। अब तक अमेरिका सिर्फ ब्रिटेन, वियतनाम, इंडोनेशिया और जापान के साथ समझौते कर पाया है। भारत के साथ व्यापार समझौते को लेकर भी चर्चाएँ तेज हैं। पिछले सप्ताह भारत और अमेरिका के बीच पाँचवें दौर की बातचीत हुई थी। ट्रंप ने संकेत दिया है कि भारत के साथ जल्द ही एक समझौते का ऐलान हो सकता है। हालाँकि भारत सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आयी है। (शेयर मंथन, 23 जुलाई 2025)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)