अमेरिका ने भारत पर टैरिफ घटा कर 18% किया

अचानक हुई एक घोषणा में अमेरिका ने भारत पर लगाये गये सीमा शुल्क (टैरिफ) को घटा कर 18% कर दिया है। पहले भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भारतीय समयानुसार रात 9.16 बजे एक एक्स पोस्ट में जानकारी दी कि राष्ट्रपति ट्रंप ने अभी-अभी प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत की है। आगे उन्होंने लिखा, “आगे नजर रखें (Stay Tuned)”...

इसके कुछ देर बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने अपने मंच ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में टैरिफ को 25% से घटा कर 18% करने की जानकारी दी। ट्रंप ने इसमें लिखा, "प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वे मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं। हमने कई विषयों पर बात की, जिसमें व्यापार और रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करना शामिल है। वे रूसी तेल खरीदना बंद करने और संयुक्त राज्य अमेरिका से बहुत ज्यादा खरीदने पर सहमत हुए, और शायद वेनेजुएला से भी। इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर हफ़्ते हज़ारों लोग मर रहे हैं!”

ट्रंप ने अपनी इस टिप्पणी में भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते (Trade Deal) पर सहमति हो जाने की भी बात कही। उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी के साथ दोस्ती और सम्मान के नाते और उनके अनुरोध पर, तुरंत प्रभाव से, हम संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए, जिसके तहत संयुक्त राज्य अमेरिका एक कम पारस्परिक टैरिफ लगायेगा, इसे 25% से घटा कर 18% कर देगा। वे भी इसी तरह संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को घटा कर शून्य कर देंगे।”

प्रधानमंत्री ने 500 अरब डॉलर से ज़्यादा अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और कई अन्य उत्पादों के अलावा, बहुत ज्यादा स्तर पर "बाय अमेरिकन" के लिए भी प्रतिबद्धता जतायी। भारत के साथ हमारे अद्भुत संबंध भविष्य में और भी मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री मोदी और मैं दो ऐसे लोग हैं जो काम पूरा करते हैं, ऐसा ज़्यादातर लोगों के बारे में नहीं कहा जा सकता...”

(शेयर मंथन, 2 फरवरी 2026)