ऐक्सिस बैंक ने शनिवार को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (मार्च क्वार्टर) के नतीजे जारी किये , जिसमें बैंक का शुद्ध लाभ (Net Profit) 7,071 करोड़ रुपये रहा।
हालाँकि सालाना आधार पर शुद्ध लाभ में 0.65% की हल्की गिरावट दर्ज की गयी है, क्योंकि पिछले साल इसी तिमाही में मुनाफा 7,117.5 करोड़ रुपये था। बैंक की कोर आय यानी शुद्ध ब्याज आय (NII) में 4.7% की वृद्धि हुई और यह 14,457 करोड़ रुपये पर पहुँच गयी, जो पिछले साल के 13,811 करोड़ रुपये से अधिक है।
संपत्ति गुणवत्ता (Asset Quality) को देखें तो बैंक के लिए राहत भरी खबर रही, जहाँ सकल एनपीए (GNPA) घटकर 1.23% रह गया, जो दिसंबर तिमाही में 1.40% था। वहीं शुद्ध एनपीए (NNPA) भी घटकर 0.37% हो गया, जो पिछली तिमाही में 0.42% था। हालाँकि, बैंक ने संभावित जोखिमों को ध्यान में रखते हुये प्रावधानों (provisions) में तेज बढ़ोतरी की है, जो इस तिमाही में 3,522 करोड़ रुपये तक पहुँच गये, जबकि दिसंबर तिमाही में ये 2,245 करोड़ रुपये और एक साल पहले 1,359.3 करोड़ रुपये थे। बैंक के बोर्ड ने वित्त वर्ष 22026 के लिए 1 रुपये प्रति शेयर (50%) डिविडेंड की सिफारिश की है, जिसे आगामी वार्षिक आम बैठक (AGM) में मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
(शेयर मंथन, 25 अप्रैल 2026)