अक्टूबर महीने में म्यूचुअल फंड निवेश के आंकड़ों में पिछले महीने की तुलना में करीब 14% की गिरावट दर्ज की गई।
इस गिरावट के पीछे बाजार में आई तेजी के दौरान निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली किए जाने की संभावना जताई जा रही है। SBI म्यूचुअल फंड के चीफ बिजनेस ऑफिसर (CBO) मनीष मेहता के मुताबिक, बाजार में तेजी के चलते कुछ निवेशकों ने अपने निवेश से मुनाफा निकालना बेहतर समझा, जिसका असर अक्टूबर के आंकड़ों पर देखने को मिला।
मनीष मेहता ने कहा कि फिक्स्ड इनकम कैटेगरी में शॉर्ट-टर्म स्कीमों में निवेश का रुझान देखने को मिला। सितंबर तिमाही के बाद संस्थागत निवेशकों की वापसी से लिक्विड और ओवरनाइट (Overnight) स्कीमों में निवेश बढ़ा। वहीं, मिडकैप और स्मॉलकैप म्यूचुअल फंड स्कीमों में निवेशकों की दिलचस्पी बनी रही। इन स्कीमों में मजबूत SIP बुक के चलते लगातार निवेश आता रहा। उनके मुताबिक, बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद SIP के जरिए निवेश का सिलसिला मिडकैप और स्मॉलकैप फंड्स को मजबूती दे रहा है।
AMFI के अक्टूबर 2026 के आंकड़ों के अनुसार, म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का नेट एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) बढ़कर 83.39 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि सितंबर में यह 82.64 लाख करोड़ रुपये था। अक्टूबर में इक्विटी म्यूचुअल फंड में लगातार 68वें महीने शुद्ध निवेश दर्ज किया गया। इस दौरान इक्विटी फंड्स में 32,994 करोड़ रुपये का निवेश आया। वहीं, SIP के जरिए निवेशकों ने अक्टूबर में कुल 32,160 करोड़ रुपये का योगदान दिया। लगभग 10 करोड़ SIP खातों के जरिए यह निवेश आया, जो म्यूचुअल फंड में निवेशकों की लगातार बनी हुई भागीदारी को दर्शाता है।
(शेयर मंथन, 11 नवंबर 2026)