खराब आँकड़ों से घबराया डॉव जोंस

सोमवार को सामने आये खराब आर्थिक आँकड़ों के बाद डॉव जोंस में कमजोरी देखी गयी और यह 64 अंक गिर कर 8,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे चला गया। हालाँकि नैस्डैक कंपोजिट में 1.2% की मजबूती रही। आज मंगलवार की सुबह एशियाई शेयर बाजारों में हल्की तेजी का रुख है। अमेरिकी वाणिज्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक दिसंबर में लोगों के व्यक्तिगत खर्च में 1% की कमी आयी।

इस दौरान कंस्ट्रक्शन पर खर्च में भी 1.4% की गिरावट दर्ज की गयी। दूसरी ओर डिपार्टमेंटल स्टोर चलाने वाली कंपनी मैकी ने अपने 7,000 कर्मचारियों को निकालने की घोषणा कर दी। इसके अलावा मॉर्गन स्टैनले में भी कर्मचारियों की छँटनी के अंदेशे सामने आ रहे हैं। नये अमेरिकी प्रशासन की 819 अरब डॉलर की राहत योजना पर अब सीनेट में चर्चा होने वाली है। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते रिपब्लिकन सदस्यों के विरोध के बावजूद इसे प्रतिनिधि सभा की अनुमति मिल गयी थी। ऐसी खबरें हैं कि वित्त सचिव टिम गिथनर बैंकों को बचाने के लिए एक योजना लाने वाले हैं। इस बीच नाइमेक्स में कच्चे तेल की कीमत 1.60 डॉलर गिर कर 40.08 डॉलर प्रति बैरल पर रही।
आज सुबह एशियाई शेयर बाजारों में बढ़त का रुख दिख रहा है। हैंग सेंग, स्ट्रेट्स टाइम्स, शंघाई कंपोजिट, कॉस्पी और ताइवान वेटेड में 1-2% की मजबूती है। हालाँकि निक्केई हरे निशान में हैं, लेकिन इसकी बढ़त अधिक नहीं है। जकार्ता कंपोजिट में 1% से कम गिरावट है। सिंगापुर स्टॉक एक्सचेंज में निफ्टी वायदा कल एनएसई में निफ्टी के बंद स्तर से लगभग 10 अंक ऊपर 2775 के आसपास चल रहा है।