अमेरिकी और यूरोपीय बाजार धराशायी, एशिया लाल

अमेरिकी अर्थ जगत में रोजाना जारी किये जा रहे विभिन्न नकारात्मक आंकड़ों के बीच अमेरिकी वित्त सचिव द्वारा जारी किये गये बयान की वजह से बुधवार को भी यानी लगातार तीसरे दिन अमेरिकी शेयर बाजारों में गिरावट का क्रम बना रहा और डॉव जोंस में 411 अंकों या 4.73% की कमजोरी दर्ज की गयी। नैस्डैक में 5.17%  की गिरावट रही। यदि यूरोप की बात करें, तो डैक्स में लगभग 3% और एफटीएसई 100 में 1.5% की कमजोरी रही। कल यूरोपीय और अमेरिकी बाजारों में आयी गिरावट का साफ असर गुरुवार को एशियाई बाजारों में दिख रहा है। भारतीय समयानुसार दोपहर 12.30 बजे हैंग सेंग और जकार्ता कंपोजिट में लगभग 4.5-5.5%  की गिरावट है। जापान का निक्केई सूचकांक  5.25% की गिरावट के साथ बंद हुआ। ताइवान वेटेड में 3.85% की कमजोरी है। स्ट्रेट टाइम्स और कॉस्पी लगभग 3% नीचे चल रहे हैं। एशियाई बाजारों की इस गिरावट से फिलहाल शंघाई कंपोजिट अछूता दिख रहा है, जो शुरुआती कमजोरी के बाद इस समय लगभग 4% की बढ़त पर है।