एशियाई बाजार गिरावट के साथ बंद

गुरुवार को एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट का माहौल रहा। एक ओर जहां जापान का निक्केई सूचकांक 5.25% लुढ़क गया, वहीं हांगकांग का हैंग सेंग 5.15% की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इंडोनेशिया के जकार्ता कंपोजिट में भी 5% से अधिक की गिरावट दर्ज की गयी। ताइवान वेटेड और कॉस्पी में भी 3% से अधिक की कमजोरी रही। सिंगापुर का स्ट्रेट टाइम्स सूचकांक 1.6% की गिरावट के साथ बंद हुआ। लेकिन चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट के इस माहौल से अछूता रहने में कामयाब रहा और सुबह के सत्र की कमजोरी से उबरते हुए 3.68% की बढ़त दर्ज कर बंद हुआ। भारतीय बाजारों में आज छुट्टी है। उधर यूरोपीय बाजारों में भी गुरुवार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई है। भारतीय समयानुसार 4.05 बजे एफटीएसई 100 में 1.8%, फ्रांस के कैक 40 में 1.1% और जर्मनी के डैक्स सूचकांक में 0.90% की कमजोरी है।