अब जापानी मंदी के डर से सिहरे विश्व बाजार

सोमवार को अमेरिकी बाजारों में छुट्टी रही, लेकिन विश्व के बाकी प्रमुख बाजारों में जापान की गहराती मंदी ने कुछ डर पैदा किया। कल प्रमुख यूरोपीय बाजार 1% से ज्यादा कमजोर रहे। आज सुबह एशियाई बाजारों में गिरावट का ही रुख है।

जापान की अर्थव्यवस्था ने चौथी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर 2008) में तिमाही-दर-तिमाही 3.3% और साल-दर-साल 12.7% की कमी दिखायी है। विश्व की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का यह हाल विश्लेषकों के अनुमानों से कहीं ज्यादा बुरा है। पिछले 35 सालों में जापान की अर्थव्यवस्था में यह सबसे तेज फिसलन है।
आज सुबह निक्केई करीब 1.5% नीचे चल रहा है। हालाँकि इससे ज्यादा गिरावट हैंग सेंग, कॉस्पी, ताइवान वेटेड और शंघाई कंपोजिट में है, जो 2-3% तक कमजोर हैं। स्ट्रेट टाइम्स और जकार्ता कंपोजिट में लगभग 1% की गिरावट है। सिंगापुर स्टॉक एक्सचेंज में निफ्टी वायदा एनएसई में निफ्टी के पिछले बंद स्तर से लगभग 50-55 अंक नीचे 2795 के आसपास है।