शेयर मंथन में खोजें

2024 की पहली तिमाही में शीर्ष 7 शहरों में आवास कीमतों में रिकॉर्ड 14% की सालाना वृद्धि : एनारॉक

भारतीय आवास बाजार में जारी तेजी कैलेंडर वर्ष 2024 की पहली तिमाही में भी जारी रही। इस दौरान तिमाही आवास बिक्री दशक के उच्चतम स्तर पर रही। रियल एस्टेट सलाहकार एनारॉक के आँकड़ों के मुताबिक 2024 की पहली तिमाही में देश के शीर्ष 7 शहरों में 1,30,170 इकाइयों की बिक्री हुई। इसमें 2023 की पहली तिमाही में बिकीं 1,13,775 इकाइयों के मुकाबले सालाना आधार पर 14% की वृद्धि देखने को मिली।

एनारॉक समूह के अध्यक्ष अनुज पुरी के मुताबिक, शीर्ष 7 शहरों में हुई कुल बिक्री में मुंबई महानगरीय क्षेत्र (एमएमआर) और पुणे की हिस्सेदारी 51% रही। एमएमआर में सालाना आधार पर 24% की उछाल आयी और पुणे में 15% की तेजी देखने को मिली। शीर्ष 7 शहरों में नयी परियोजनाओं का लॉन्च एक लाख के ऊपर जारी रहा, लेकिन इसमें महज 1% की वृद्धि देखने को मिली। ये 2023 की पहली तिमाही में 1,09,570 इकाइयों से बढ़ कर 2024 की पहली तिमाही में 1,10,865 इकाई रहा।

पुरी का कहना है कि सर्वाधिक नयी आपूर्ति एमएमआर और हैदराबाद में देखी गयी, जो शीर्ष 7 शहरों में कुल नये लॉन्च का 51% है। उन्होंने आगे कहा कि हैदराबाद में 2024 की पहली तिमाही में नयी आपूर्ति में 57% की सालाना वृद्धि देखी है, जबकि एमएमआर में इस दौरान नयी आपूर्ति में 9% की कमी आयी। साल की पहली तिमाही में 1.5 करोड़ रुपये और उससे ऊँची कीमत वाले घरों की माँग में उल्लेखनीय वृद्धि के बीच पिछले एक दशक में सर्वाधिक बिक्री दर्ज की गयी।

इस तिमाही में नयी परियोजनाओं के लॉन्च के एक लाख के ऊपर रहने के बावजूद, शीर्ष 7 शहरों में उपलब्ध स्टॉक में सालाना 7% की गिरावट आयी। यह 2023 की पहली तिमाही के अंत में 6,26,750 इकाई से गिर कर 2024 की पहली तिमाही के अंत में 5,80,890 इकाई रह गया। शीर्ष शहरों में 2024 की पहली तिमाही में बिना बिकी इकाइयों में सर्वाधिक 27% की गिरावट एनसीआर में आयी। एनसीआर में बिना बिकी इकाइयों का स्टॉक एमएमआर, पुणे और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों के मुकाबले कम है।

वैश्विक स्तर पर देश की जीडीपी विकास दर सर्वाधिक होने के साथ ही भारत का समग्र आर्थिक परिदृश्य सकारात्मक है और महँगाई भी नियंत्रण में लग रही है। यह दृष्टिकोण स्थायी घरखरीदार भावना का समर्थन करता है।

नयी परियोजनाओं की समीक्षा

शीर्ष 7 शहरों में 2023 कर पहली तिमाही में 1,09,570 इकाइयों के मुकाबले 2024 की पहली तिमाही में 1,10,865 इकाइयों की नयी परियोजनाएँ लॉन्च हुईं, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 1% अधिक है। 2024 की पहली तिमाही में नयी परियोजनाओं के लॉन्च में योगदान करने वाले प्रमुख शहरों में एमएमआर, हैदराबाद, पुणे और बेंगलुरू रहे, जिन्होंने सामूहिक रूप से तिमाही आपूर्ति में 83% जोड़े। 

कुल बिक्री समीक्षा

2024 की पहली तिमाही में 1,30,170 इकाइयों की बिक्री हुई। यह 2023 की पहली तिमाही से 14% अधिक थी। तिमाही बिक्री में एनसीआर, एमएमआर, बेंगलुरू, पुणे और हैदराबाद का 91% का सामूहिक योगदान रहा।

कीमत में उतार-चढ़ाव 

पिछले एक साल में शीर्ष 7 शहरों में आवासीय संपत्ति के औसत मूल्य में महत्वपूर्ण उछाल देखने को मिली। खासतौर से, निर्माण सामग्री के मूल्य में बढ़ोतरी और कुल माँग में तेजी की वजह से यह 2023 की पहली तिमाही के मुकाबले 2024 की पहली तिमाही में 10-32% के दायरे में रही। हैदराबाद और बेंगलुरू में क्रमश: 32% और 25% से अधिक की सर्वाधिक सालाना मूल्य वृद्धि दर्ज की गयी।

उलब्ध स्टॉक

पहली तिमाही में शीर्ष 7 शहरों में बड़े पैमाने पर नयी आपूर्ति जोड़े जाने के बावजूद, 2023 की पहली तिमाही की तुलना में 2024 की पहली तिमाही में कुल उपलब्ध स्टॉक में 7% की गिरावट आई। 2024 की पहली तिमाही में अंत में शीर्ष 7 शहरों में कुल उपलब्ध इन्वेंट्री तकरीबन 5.81 लाख इकाइयाँ हैं। इस दौरान 2023 की पहली तिमाही के मुकाबले एनसीआर में उपलब्ध स्टॉक में सर्वाधिक 27% की गिरावट दर्ज की गयी।

(शेयर मंथन, 27 मार्च 2024)

(आप भी किसी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"