डॉव जोंस में बढ़त, एशियाई बाजारों में मजबूती

हालांकि अमेरिकी अर्थजगत में खराब आँकड़ों के आने का क्रम बरकरार है, लेकिन इसके बावजूद क्रिसमस की छुट्टी के पहले केवल दोपहर तक चले कारोबार में अमेरिकी शेयर बाजारों में हल्की बढ़त दर्ज की गयी। श्रम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट में कहा गया कि पिछले हफ्ते बेरोजगारी के आवेदनों की संख्या में अनुमान से अधिक बढ़ोतरी हुई और यह नवंबर 1982 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुँच गया। दूसरी ओर वाणिज्य विभाग ने कहा कि नवंबर महीने में उपभोक्ताओं द्वारा किये गये व्यय में 0.6% की कमी आयी। इस तरह उपभोक्ताओं द्वारा किये जाने वाले खर्च में लगातार पाँचवें महीने गिरावट दर्ज की गयी। बुधवार को कारोबार की मात्रा में काफी कमी देखने को मिली। नाइमेक्स में फरवरी डिलीवरी के कच्चे तेल की कीमत 3.63 डॉलर गिर कर 35.35 डॉलर प्रति बैरल तक चली गयी।आज सुबह एशियाई बाजारों में मजबूती का रुख दिख रहा है। निक्केई में 1% से अधिक की बढ़त है। शंघाई कंपोजिट,  ताइवान वेटेड और स्ट्रेट्स टाइम्स में भी मजबूती है, हालांकि यह 1% से कम है। कॉस्पी और जकार्ता कंपोजिट में हल्की गिरावट दिख रही है।