सितंबर में 6.57% घटा देश का निर्यात, आयात में 13.58% की गिरावट

साल दर साल आधार पर सितंबर में भारत के निर्यात में 6.57% की गिरावट आयी है।

सितंबर में देश का निर्यात 26 अरब डॉलर का रहा। जिन निर्यात क्षेत्रों में गिरावट से कुल निर्यात घटा उनमें पेट्रोलियम, इंजीनियरिंग, चमड़ा, रसायन और रत्न तथा आभूषण शामिल हैं। आधिकारिक आँकड़ों के अनुसार सितंबर में देश का आयात भी कम हुआ। साल दर साल आधार पर ही सितंबर में देश का आयात 13.85% घट कर 36.89 अरब डॉलर रह गया। आयात और निर्यात में गिरावट के बीच सितंबर में देश का व्यापार घाटा कम होकर 10.86 अरब डॉलर पर रहा, जो पिछले साल सितंबर में 14.95 अरब डॉलर रहा था।
गौरतलब है कि कुल 30 प्रमुख निर्यात क्षेत्रों में से सितंबर में 22 में गिरावट दर्ज की गयी। इनमें रत्न और आभूषण में 5.56%, इंजीनियरिंग सामानों में 6.2% और पेट्रोलियम उत्पादों में सर्वाधिक 18.6% की गिरावट आयी। सोने का आयात भी 50.82% लुढ़क कर 1.27 अरब डॉलर रह गया।
वहीं आयात पर नजर डालें तो सितंबर में देश में तेल आयात 18.33% घट कर 8.98 अरब डॉलर और गैर-तेल आयात 12.3% गिर कर 27.91 अरब डॉलर का रह गया। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में देखें तो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में निर्यात 2.39% घट कर 159.57 अरब डॉलर और आयात 7% की गिरावट के साथ 243.28 अरब डॉलर का रहा। (शेयर मंथन, 16 अक्टूबर 2019)