फिर गिरे अमेरिकी शेयर बाजार, एशिया में बढ़त

अमेरिकी शेयर बाजारों में चल रहा अनिश्चितता का माहौल कल बुधवार को एक बार फिर सामने आया और मंगलवार को 141 अंकों की बढ़त दर्ज करने वाले डॉव जोंस में 121 अंकों की कमजोरी आ गयी। इस तरह यह एक बार फिर 8,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे चला गया। आज गुरुवार की सुबह एशियाई शेयर बाजारों में हरियाली दिख रही है।  

अमेरिका के इन्स्टीट्यूट ऑफ सप्लाई मैनेजमेंट की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी में सेवा क्षेत्र में दिसंबर की तुलना में कम गिरावट आयी। ट्रेड एसोसिएशन ऑफ पर्चेजिंग एक्जेक्यूटिव्स का सूचकांक दिसंबर के 40.1 के मुकाबले जनवरी में 42.9 हो गया। बुधवार की सुबह इन खबरों के बीच मजबूत शुरुआत करने वाला डॉव जोंस कंपनियों की आमदनी के आँकड़े आने के बाद दबाव में आ गया। दिग्गज कंपनी टाइम वार्नर ने साल 2008 की चौथी तिमाही के दौरान 16 अरब डॉलर घाटे की खबर दी। दूसरी ओर क्राफ्ट फूड्स के मुनाफे में अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 72% की कमी आयी है। सिस्को सिस्टम्स के ऑर्डर में जनवरी में तीखी गिरावट दर्ज की गयी है। इस बीच नाइमेक्स में कच्चे तेल की कीमत 0.46 डॉलर गिर कर 40.32 डॉलर प्रति बैरल पर रही।  
आज गुरुवार की सुबह एशियाई शेयर बाजारों में बढ़त का रुख दिख रहा है। हैंग सेंग और शंघाई कंपोजिट में 1.5-2.5% की मजबूती है। हालाँकि निक्केई, ताइवान वेटेड, कॉस्पी, जकार्ता कंपोजिट और स्ट्रेट्स टाइम्स हरे निशान में हैं, लेकिन इनमें 1% से कम बढ़त है। सिंगापुर स्टॉक एक्सचेंज में निफ्टी वायदा कल एनएसई में निफ्टी के बंद स्तर के लगभग बराबर 2805-10 के आसपास चल रहा है।