शेयर मंथन में खोजें

कर्नाटक, केरल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और आंध्र प्रदेश में बारिश की उम्मीद - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता स्काईमेट (Skymet) के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान कर्नाटक, केरल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और तटीय आंध्र प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम और एक-दो जगहों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत के शेष राज्यों, तमिलनाडु और रायलसीमा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियाँ देखने को मिल सकती हैं। तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी एक-दो स्थानों पर वर्षा होने के आसार हैं। गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश और हरियाणा में लू का प्रकोप कल भी जारी रह सकता है। इसके अलावा विदर्भ में भी लू की वापसी हो सकती है।
प्रमुख शहरों में मौसम का अनुमान
दिल्ली में दिन भीषण रूप से गर्म होगा। हल्के बादल छाये रहेंगे। मुंबई में बादल छा सकते हैं, मगर दिन में मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। कोलकाता में गरज के साथ हल्की प्री-मॉनसून वर्षा हो सकती है। हैदराबाद में दिन गर्म होगा, मगर गरज के साथ वर्षा होने के आसार हैं। बेंगलुरु में बादल छाये रहने और अच्छी वर्षा होने की संभावना है। चेन्नई में आंशिक बादलों के बीच मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
बीते 24 घंटों के दौरान देश भर के मौसमी हालात का ज़िक्र करें तो केरल, कर्नाटक, आंतरिक तमिलनाडु, रायलसीमा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में मेघालय तथा त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गयी। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई है। उत्तरी तटवर्ती ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, असम और अरुणाचल प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा रिकॉर्ड की गयी है। दक्षिणी-मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर हल्की प्री-मॉनसून वर्षा देखने को मिली। मध्य भारत और उत्तर भारत के कई इलाके लू की चपेट में हैं। विशेषकर मध्य प्रदेश, उत्तरी गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में लू का प्रकोप बना रहा। विदर्भ में तापमान घटा, जिससे लू से राहत मिली है।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
अरब सागर में बना चक्रवाती तूफान मेकुनु अब और भीषण हो गया है। इस समय यह अरब सागर के पश्चिम मध्य में है और संभावना है कि अगले 24 घंटों में और सशक्त होगा तथा उत्तरी दिशा में आगे बढ़ेगा। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर के पास बना हुआ है। मध्य प्रदेश से मध्य महाराष्ट्र होते हुए दक्षिणी तमिलनाडु तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। मध्य महाराष्ट्र पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी सक्रिय है। एक ट्रफ रेखा पश्चिम से पूर्व तक यानि पूर्वी राजस्थान से उत्तरी मध्य प्रदेश और झारखंड होते हुए गंगीय पश्चिम बंगाल तक बनी हुई है। यहाँ पूर्वी बिहार और इससे सटे उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में पूर्वी असम पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में तमिलनाडु के तटों के पास भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हो गया है। (शेयर मंथन, 24 मई 2018)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"