शेयर मंथन में खोजें

पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, केरल और कर्नाटक में हो सकती है वर्षा - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता स्काईमेट (Skymet) के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, केरल और दक्षिणी कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

शेष पूर्वोत्तर राज्यों, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओड़ीशा, झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। बिहार, छत्तीसगढ़, दक्षिणी-मध्य महाराष्ट्र, दक्षिणी कोंकण गोवा, तेलंगाना और रायलसीमा में एक-दो स्थानों पर प्री-मॉनसून वर्षा होने की संभावना है। लू का प्रकोप देश के मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कई जगहों पर जारी रह सकता है। विशेष रूप से राजस्थान और महाराष्ट्र में कई स्थानों पर जबकि हरियाणा, विदर्भ और मराठवाड़ा में कुछ जगहों पर लू का प्रकोप बना रहेगा।
प्रमुख शहरों में मौसम का अनुमान
दिल्ली में भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मुंबई में बादल छा सकते हैं, लेकिन मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। कोलकाता में हल्की प्री-मॉनसून वर्षा हो सकती है। हैदराबाद में भी गरज के साथ वर्षा होने के आसार हैं। हालांकि दिन गर्म होगा। बेंगलुरु में अच्छी प्री-मॉनसून वर्षा जारी रहने के आसार हैं। चेन्नई में आंशिक बादल दिखेंगे, लेकिन गर्मी और उमस से राहत नहीं मिलेगी।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
बीते 24 घंटों के दौरान सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, केरल, कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश जारी रही। अंडमान व निकोबार तथा लक्षद्वीप में भी मध्यम से भारी वर्षा रिकॉर्ड की गयी है। पूर्वोत्तर भारत के शेष भागों, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, ओड़ीशा के कुछ भागों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गयी। जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तरी मध्य प्रदेश, तेलंगाना, दक्षिणी कोंकण और दक्षिणी-मध्य महाराष्ट्र में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गयी है। राजस्थान के अधिकांश हिस्सों और महाराष्ट्र में कई स्थानों और दक्षिणी हरियाणा में एक-दो जगहों पर लू का प्रकोप बना रहा। विदर्भ और मराठवाड़ा में भी लू की वापसी हो गयी है। पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, गुजरात और विदर्भ में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
पश्चिमी विक्षोभ इस समय पूर्वी जम्मू कश्मीर के पास दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ है, जो इस समय मध्य पाकिस्तान पर है। उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा पूर्वी राजस्थान से मध्य प्रदेश होते हुए झारखंड तक बनी हुई है। बिहार के पूर्वी भागों पर भी हवाओं में एक चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है। दक्षिण भारत में उत्तरी आंतरिक कर्नाटक से दक्षिणी तमिलनाडु तक एक ट्रफ रेखा मौसम को प्रभावित कर रही है। तमिलनाडु के तटों के पास बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। (शेयर मंथन, 25 मई 2018)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"