शेयर मंथन में खोजें

केरल, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश में बारिश की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता स्काईमेट (Skymet) के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान अंडमान निकोबार, लक्षद्वीप और कर्नाटक में एक या दो जगहों पर बहुत भारी बारिश के साथ कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।

केरल, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में एक या दो जगह भारी बारिश के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की उम्मीद है। असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, उड़ीसा, तेलंगाना, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में लू की स्थितियाँ कम होने की उम्मीद है। इस बीच, लू की स्थिति मध्य प्रदेश और राजस्थान पर प्रबल रहेगी। दिल्ली में हल्की धूल भरी आँधी या तूफान की संभावना है। दिन के समय मौसम गर्म रहने की उम्मीद है। मुंबई और चेन्नई में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। हालांकि, दिन गर्म और आर्द्र रहेगा। कोलकाता में आंधी या मेघ गर्जन की संभावना है, मगर दिन उमस भरा रहेगा। हैदराबाद में भी धूल भरी आँधी या तूफान और मेघ गर्जन की संभावना है। बेंगलुरु में भी मेघ गर्जन की गतिविधियां संभव है। हालांकि, रात सुखद और दिन गर्म रहेगा।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान लू की स्थितियों ने विदर्भ के कुछ और हिस्सों और उत्तर-मध्य महाराष्ट्र के भी कुछ स्थानों पर वापसी की है। इसके अलावा, दक्षिण हरियाणा के कुछ भागों, राजस्थान, मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी लू की स्थितियाँ बनी हुई हैं। इस बीच, गुजरात के कई हिस्सों में लू की स्थिति में सुधार देखने को मिला है। अंडमान निकोबार और लक्षद्वीप क्षेत्र में भारी बारिश हुई। केरल और कर्नाटक के एक या दो स्थानों पर भारी के साथ, कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार के कुछ हिस्सों, झारखंड, उत्तर ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र और तमिलनाडु के आंतरिक हिस्सों में भी हल्की बारिश हुई। दक्षिण कोंकण और गोवा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश देखी गयी।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
केरल में मॉनसून की शुरुआत के साथ, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में अच्छी बारिश हो रही है। एक गहरे निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पूर्व अरब सागर पर केरल और कर्नाटक तट पर बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बना हुआ निम्न दबाव का क्षेत्र एक गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो चुका है। अब यह सिस्टम पूर्व केंद्रीय और इससे सटे पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी पर देखा जा सकता है। इसके डिप्रेशन बनने के भी आसार है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश पर बना हुआ है। एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा इस प्रणाली से पूर्वी असम तक फैली हुई है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू-कश्मीर पर स्थित है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पंजाब और आसपास के मध्य पाकिस्तान पर बना हुआ है। (शेयर मंथन, 29 मई 2018)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"