शेयर मंथन में खोजें

तमिलनाडु और केरल में कई जगहों पर बारिश की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु और केरल में कई जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

तटीय और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र तथा असम में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। वहीं कोंकण-गोवा और जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, गुजरात और पश्चिम मध्य प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। देश के बाकी भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। गर्मी का प्रकोप भी रहेगा। खास कर पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कच्छ क्षेत्र में 40 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ भीषण गर्मी की संभावना है।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान केरल और आंतरिक तमिलनाडु में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा रिकॉर्ड की गयी है। इसके अलावा लक्षद्वीप, तटीय तमिलनाडु, मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी-आंतरिक कर्नाटक और असम में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली है। वहीं छत्तीसगढ़, उत्तरी मध्य प्रदेश, राजस्थान, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में एक-दो स्थानों की बारिश हुई है। राजधानी दिल्ली सहित देश के बाकी सभी भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहा है। इस बीच पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कच्छ क्षेत्र में अधिकांश स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है। गुजरात के शेष भागों, मध्य प्रदेश, दक्षिणी उत्तर प्रदेश और आस-पास के भागों में भी दिन का तापमान 35 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तरी अफगानिस्तान और इससे सटे भागों पर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके प्रभाव से एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी-मध्य पाकिस्तान पर विकसित हो गया है। इधर अरब सागर के दक्षिण-पूर्वी भागों में लक्षद्वीप के पास हवाओं में एक चक्रवाती क्षेत्र बन गया है और इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा महाराष्ट्र के तटीय भागों तक सक्रिय हो गयी है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका के ऊपर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पूर्वी भारत में असम के पूर्वी भागों पर भी चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दिखाई दे रहा है। पूर्वी भारत में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल से बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्वी भागों तक एक ट्रफ सक्रिय है। मध्य भारत में मध्य प्रदेश के ऊपर एक एंटी-साइक्लोन बना हुआ है। (शेयर मंथन, 03 अक्टूबर 2018)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"