भारत के पूँजी बाजार में एक और ऐतिहासिक आईपीओ दस्तक देने जा रहा है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की दूरसंचार और डिजिटल सेवाओं से जुड़ी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (JPL) ने अपने बहुप्रतीक्षित आईपीओ की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) को मंजूरी दे दी है और इसे बाजार नियामक सेबी के पास जमा कर दिया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने इसकी जानकारी देते हुये कहा कि जियो का आईपीओ जल्द ही निवेशकों के लिए खुल सकता है। करीब 37,000 करोड़ रुपये के आकार वाला यह इश्यू भारतीय शेयर बाजार के इतिहास के सबसे बड़े आईपीओ में शामिल हो सकता है।
कर्ज घटाने से वैश्विक विस्तार तक, जियो आईपीओ का रोडमैप
कंपनी 10 रुपये अंकित मूल्य वाले 27 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी करेगी। आईपीओ का अंतिम मूल्य बुक बिल्डिंग प्रक्रिया के जरिये तय किया जाएगा। जुटायी गई राशि में से लगभग 27,500 करोड़ रुपये का उपयोग कर्ज चुकाने के लिए किया जायेगा, जबकि शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों और विस्तार योजनाओं में किया जायेगा। इससे जियो की बैलेंस शीट और मजबूत होने की उम्मीद है तथा भविष्य की विकास योजनाओं के लिए वित्तीय लचीलापन बढ़ेगा।
जियो में किसकी कितनी हिस्सेदारी?
वर्तमान में रिलायंस इंडस्ट्रीज की जियो प्लेटफॉर्म्स में 66.43% हिस्सेदारी है। इसके अलावा अमेरिकी टेक दिग्गज मेटा की 9.98% और गूगल की 7.73% हिस्सेदारी है। आईपीओ में खुदरा निवेशकों के लिए भी बड़ा अवसर रखा गया है, क्योंकि नेट इश्यू का कम से कम 35% हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित रहेगा। इससे छोटे निवेशकों को देश की सबसे बड़ी डिजिटल कंपनियों में से एक में निवेश का मौका मिलेगा।
दो मेगा आईपीओ जुटाएंगे 67,000 करोड़ रुपये से ज्यादा
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ ऐसे समय आ रहा है जब भारतीय पूँजी बाजार में बड़े इश्यू की भरमार देखने को मिल रही है। हाल ही में एनएसई ने भी अपने आईपीओ दस्तावेज जमा किए हैं। एनएसई का आईपीओ करीब 30,000 करोड़ रुपये जुटा सकता है। ऐसे में जियो और एनएसई के आईपीओ मिलकर आने वाले हफ्तों में बाजार से 67,000 करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी आकर्षित कर सकते हैं।
52 करोड़ ग्राहकों वाली जियो अब बनेगी पब्लिक कंपनी
भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था तेजी से विस्तार कर रही है और अनुमान है कि वित्त वर्ष 2031 तक इसका आकार 1.4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुँच जायेगा। 31 मार्च 2026 तक जियो प्लेटफॉर्म्स के पास 52.44 करोड़ से अधिक उपभोक्ता और व्यावसायिक ग्राहक थे, जो इसे भारत के सबसे बड़े डिजिटल इकोसिस्टम में से एक बनाते हैं।
टेलीकॉम से ग्लोबल टेक कंपनी बनने की ओर
जियो प्लेटफॉर्म्स की तुलना दुनिया की अग्रणी टेक कंपनियों जैसे अल्फाबेट, मेटा, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन से की जा रही है। जिस तरह इन कंपनियों ने वैश्विक स्तर पर डिजिटल परिवर्तन को गति दी, उसी तरह जियो ने भारत को डेटा की कमी वाले देश से डेटा-समृद्ध डिजिटल राष्ट्र में बदलने में अहम भूमिका निभाई है। 2016 में लॉन्च के बाद कंपनी के ऑल-आईपी 4G वाल्ट (VoLTE) नेटवर्क और किफायती डेटा मॉडल ने करोड़ों भारतीयों को पहली बार हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ा।
कंपनी के पास मोबाइल ब्रॉडबैंड में दूसरे सबसे बड़े खिलाड़ी की तुलना में 1.4 गुना और फिक्स्ड ब्रॉडबैंड में 1.9 गुना अधिक ग्राहक बाजार हिस्सेदारी है। वित्त वर्ष 2026 में भारत के कुल वायरलेस डेटा ट्रैफिक का लगभग 60% हिस्सा जियो के नेटवर्क पर चला, जबकि प्रति ग्राहक मासिक डेटा खपत 42.3 जीबी तक पहुंच गई। यह आँकड़ा ग्राहकों की गहरी भागीदारी और डिजिटल सेवाओं पर बढ़ती निर्भरता को दिखाता है।
5जी क्षेत्र में भी जियो ने अग्रणी भूमिका निभायी है। कंपनी ने भारत का पहला स्टैंडअलोन 5जी नेटवर्क लॉन्च किया और मार्च 2026 तक उसके 26.85 करोड़ 5G ग्राहक हो चुके थे। यह नेटवर्क उच्च गति, कम विलंबता, नेटवर्क स्लाइसिंग, मशीन-टू-मशीन कम्युनिकेशन और प्राइवेट 5G जैसे भविष्य के उपयोग मामलों को समर्थन देने में सक्षम है। इसके अलावा जियो फाइबर और जियो एयरफाइबर की मदद से कंपनी ने घरेलू ब्रॉडबैंड क्षेत्र में भी तेजी से विस्तार किया है और उसके 2.71 करोड़ होम ब्रॉडबैंड ग्राहक हैं।
जियो प्लेटफॉर्म्स की सबसे बड़ी ताकत उसकी स्वदेशी तकनीक है। कंपनी ने नेटवर्क आर्किटेक्चर, डिवाइस इंजीनियरिंग, ऑपरेटिंग सिस्टम और डिजिटल एप्लिकेशन जैसे क्षेत्रों में मजबूत तकनीकी क्षमता विकसित की है। कंपनी के 11,303 कर्मचारी डिजिटल उत्पादों और तकनीकी विकास टीम में कार्यरत हैं, जो कुल कर्मचारियों का लगभग 40% हिस्सा हैं। जियो ने 4G, 5G, 6G, क्लाउड-नेटिव नेटवर्क और एआई आधारित नेटवर्क ऑटोमेशन से जुड़े 6,817 पेटेंट आवेदन दायर किए हैं। यही वजह है कि कंपनी हाल ही में विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (WIPO) की पेटेंट कोऑपरेशन ट्रीटी रैंकिंग में दुनिया की शीर्ष 20 कंपनियों में शामिल हुई है।
जियो का वित्तीय प्रदर्शन
वित्तीय प्रदर्शन के मोर्चे पर भी जियो प्लेटफॉर्म्स ने मजबूत वृद्धि दर्ज की है। कंपनी का परिचालन आमदनी (Revenue) वित्त वर्ष 2024 के 1.09 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में 1.47 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो लगभग 15.8% की वार्षिक चक्रवृद्धि वृद्धि दर (CAGR) को दिखाता है। इसी अवधि में ईबीआईटीडीए (EBITDA) 54,959 करोड़ रुपये से बढ़कर 76,255 करोड़ रुपये पहुँच गया। ईबीआईटीडीए मार्जिन भी 50.16% से बढ़कर 51.91% हो गया, जो परिचालन दक्षता, स्वदेशी तकनीक और ऑटोमेशन के लाभ को दिखाता है।
नकदी प्रवाह और बैलेंस शीट के स्तर पर भी कंपनी की स्थिति मजबूत हुई है। पूंजीगत खर्च की तीव्रता घटने के साथ ईबीआईटीडीए से नकद पूंजीगत व्यय घटाने के बाद बची राशि वित्त वर्ष 2024 के 1,449 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में 42,071 करोड़ रुपये तक पहुँच गयी। वहीं नेट लीवरेज 0.88 गुना से घटकर केवल 0.36 गुना रह गया है। यह संकेत देता है कि जियो प्लेटफॉर्म्स अब अपने अगले विकास चरण के लिए मजबूत वित्तीय आधार तैयार कर चुका है। (शेयर मंथन, 20 जून 2026)


