शेयर मंथन में खोजें

सेंसेक्स और निफ्टी में एक दशक की सबसे ऊँची उछाल

लोकसभा चुनावों के एग्जिट पोल में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को बहुमत मिलने की संभावना से कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को बाजार में पिछले 10 सालों की सबसे ऊँची एक दिवसीय उछाल देखने को मिली।

2009 के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में आज एक दिन में सबसे अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गयी।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनावों के नतीजों से पहले रविवार शाम को आये एग्जिट पोल में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को पूर्ण बहुमत मिलने की संभावना जतायी गयी। लगभग सभी एग्जिट पोल में एनडीए को बहुमत मिलता दिख रहा है। सर्वेक्षणों में एनडीए को न्यूनतम 242 सीटें और अधिकतम 365 सीटें, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए को अधिकतम 165 और न्यूनतम केवल 82 सीटें मिलती दिख रही हैं।
जानकारों के मुताबिक मोदी सरकार के वापस आने की संभावना से निवेशकों में उत्साह है। बता दें कि चुनाव शुरू होने से पहले से ही कई जानकार वर्तमान सरकार क दोबारा आना बाजार के लिए अच्छा मान रहे थे।
आज सभी सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। जिन क्षेत्रों के शेयरों में अधिक खरीदारी देखने को मिली, उनमें पीएसयू बैंक, इन्फ्रा, ऑटो, ऊर्जा, एफएमसीजी और धातु शामिल हैं।
बीएसई सेंसेक्स (BSE SENSEX) 37,930.77 अंकों के पिछले बंद स्तर की तुलना में आज सुबह जोरदार बढ़ोतरी के साथ 38,701.18 पर खुला। सत्र के दौरान सेंसेक्स 39,412.56 अंकों के ऊपरी स्तर तक चढ़ा। आखिर में यह 1,421.90 अंक या 3.75% की जोरदार तेजी के साथ 39,352.67 पर बंद हुआ। वहीं एनएसई (NSE) का निफ्टी (Nifty) 11,407.15 के पिछले बंद स्तर की तुलना में 11,651.90 पर खुल कर 421.10 अंक या 3.69% की बढ़ोतरी के साथ 11,828.25 पर बंद हुआ। आज निफ्टी का शिखर 11,845.20 पर रहा।
निफ्टी के प्रमुख 50 शेयरों में से 45 शेयरों में मजबूती और 05 शेयरों में कमजोरी आयी। वहीं बीएसई के 31 प्रमुख शेयरों में 29 शेयरों में बढ़ोतरी और 02 शेयरों में गिरावट दर्ज की गयी।
आज के कारोबार में सेंसेक्स के दिग्गज शेयरों में से इंडसइंड बैंक में 8.64%, एसबीआई में 8.04%, टाटा मोटर्स में 7.53%, यस बैंक में 6.73%, लार्सन ऐंड टुब्रो में 6.55% और एचडीएफसी में 6.20% की बढ़त आयी। गिरने वाले शेयरों में से बजाज ऑटो में 1.18% और इन्फोसिस में 0.19% की कमजोरी दर्ज की गयी।
आज बीएसई के कुल शेयरों में से 1,403 शेयरों में मजबूती के मुकाबले 1,113 शेयरों में कमजोरी आयी, जबकि 146 शेयर सपाट रहे।
प्रमुख सूचकांकों के साथ ही छोटे-मँझोले बाजारों में भी खरीदारी देखने को मिली। बीएसई मिडकैप (BSE Midcap) में 1.08% और बीएसई स्मॉलकैप (BSE SmallCap) में 0.51% की मजबूती आयी। वहीं निफ्टी मिडकैप 100 (Nifty Midcap 100) 1.21% और निफ्टी स्मॉल 100 (Nifty Small 100) 0.53% की वृद्धि के साथ बंद हुए। (शेयर मंथन, 20 मई 2019)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • नये ट्रंप टैरिफ का भारत पर कैसा असर - निवेश मंथन (जनवरी 2026)

    अभी-अभी फरवरी के आरंभ में भारत-अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा (फ्रेमवर्क) पर सहमति बनी ही थी, और लगा था कि साल भर की अनिश्चितता पर विराम लगने वाला है। पर अब अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय ने ट्रंप टैरिफ को रद्द कर दिया है और ट्रंप ने इसकी काट निकालते हुए एक नया टैरिफ घोषित कर दिया है।  

  • बाजार सर्वेक्षण : घरेलू मजबूती पर भरोसा - निवेश मंथन (दिसंबर 2025)

    हमारे शेयर बाजार में वर्ष 2025 को एक दुःस्वप्न की तरह समझा जा रहा है। हालाँकि एक राय यह भी है कि 2025 को बाजार के लिए खराब मानना धारणा अधिक है, तथ्य कम। फिर भी, बाजार में अधिकांश लोग चाह रहे हैं या मान रहे हैं कि 2026 में बाजार का हाल 2025 से अच्छा ही रहना चाहिए। 

देश मंथन के आलेख