शेयर मंथन में खोजें

क्या अगले 1 से 2 साल में आईटीसी (ITC) शेयर दे सकता है 50–75% रिटर्न?

आज शेयर बाजार में आईटीसी के शेयर में जोरदार उछाल देखने को मिली, जिसने निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींचा। हालिया तेजी को देखते हुए सवाल उठता है कि आखिर बाजार ने ऐसा क्या नया देखा?

सेठी फीनमार्ट के एमडी विकास सेठी कहते है कि यह वही स्टॉक है जो कुछ समय पहले तक लगातार दबाव में था। जब सिगरेट पर संभावित टैक्स बढ़ोतरी, जीएसटी और एक्साइज ड्यूटी में वृद्धि की चर्चाएं सामने आई थीं, तब यह शेयर 400 से 410 रुपये के स्तर से टूटकर लगभग 300 से 310 रुपये के आसपास आ गया था। 

दरअसल, खबरें आईं कि प्रमुख सिगरेट निर्माताओं ने अपने उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की है। सिगरेट एक ऐसा उत्पाद है जिसकी मांग अपेक्षाकृत स्थिर रहती है क्योंकि उपभोक्ताओं में इसकी लत होती है। यही कारण है कि कंपनियां सरकार द्वारा लगाए गए टैक्स या ड्यूटी का बड़ा हिस्सा कीमतों के जरिए ग्राहकों पर डाल पाने में सक्षम रहती हैं। इस मूल्य वृद्धि की खबर ने बाजार को संकेत दिया कि कंपनी अपने मार्जिन को काफी हद तक सुरक्षित रख सकती है, जिससे निवेशकों का भरोसा लौटा।

वैल्यूएशन के नजरिए से भी आईटीसी मौजूदा स्तरों पर आकर्षक दिखाई दे रहा है। ऐतिहासिक रूप से निचले मल्टीपल पर ट्रेड करते हुए यह स्टॉक करीब 4% की डिविडेंड यील्ड दे रहा है, जो लंबी अवधि के निवेशकों के लिए अतिरिक्त आकर्षण का कारण है। सिगरेट कारोबार के अलावा कंपनी के पास मजबूत एफएमसीजी ब्रांड पोर्टफोलियो, होटल और अन्य व्यवसाय भी हैं, जो इसे विविधीकृत आय का आधार प्रदान करते हैं।

कोविड काल के दौरान यह शेयर लंबे समय तक 200 रुपये के आसपास ठहरा रहा था, लेकिन उसके बाद इसने 400 से 450 रुपये तक की मजबूत रैली दिखाई। अब जब यह फिर से 300 रुपये के आसपास स्थिर होता नजर आ रहा है, तो कई विश्लेषकों का मानना है कि किसी भी गिरावट पर इसमें धीरे-धीरे निवेश बढ़ाया जा सकता है। लंबी अवधि के दृष्टिकोण से अगले एक-दो वर्षों में 50% से 75% तक की संभावित बढ़त की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में मौजूदा स्तरों पर इसे होल्ड करने के साथ-साथ चरणबद्ध तरीके से खरीदारी के अवसर तलाशना समझदारी भरा कदम हो सकता है।


(शेयर मंथन, 17 फरवरी 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख