शेयर मंथन में खोजें

लंबी अवधि के निवेश में स्टॉप लॉस जरूरी या सही समय पर स्विच करना बेहतर?

शेयर बाजार में निवेश करने वाले लोगों के मन में अक्सर यह सवाल रहता है कि अगर किसी शेयर की कीमत लगातार गिर रही हो तो उससे कब बाहर निकलना चाहिए।

खासकर लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह फैसला आसान नहीं होता। कई बार कंपनी के नतीजे अच्छे होते हैं, कारोबार में सुधार दिखता है, लेकिन इसके बावजूद शेयर की कीमत में गिरावट जारी रहती है। ऐसे में क्या निवेशकों को स्टॉप लॉस लगाना चाहिए या अपने निवेश पर भरोसा बनाए रखना चाहिए? बाजार विशेषज्ञ सोमेश कुमार के मुताबिक, लंबी अवधि के निवेश में स्टॉप लॉस से ज्यादा महत्वपूर्ण निवेश को स्विच करने का सही फैसला होता है।

शोमेश कुमार का कहना है कि स्टॉप लॉस मुख्य रूप से ट्रेडिंग में इस्तेमाल किया जाता है, जबकि निवेश में उनका नजरिया अलग है। जब कोई निवेशक किसी कंपनी में पैसा लगाता है तो उसे आने वाले तीन से पांच वर्षों में कंपनी के कारोबार और कैश फ्लो को लेकर अपनी उम्मीदों का आकलन करना चाहिए। अगर कुछ समय बाद उसे लगता है कि कंपनी का कारोबार उसकी उम्मीदों के मुताबिक आगे नहीं बढ़ रहा है और उसके पास कोई समान या बेहतर विकल्प मौजूद है, तो उसे उस निवेश से निकलकर दूसरे शेयर में स्विच करने पर विचार करना चाहिए। उनके अनुसार, यह फैसला केवल शेयर की कीमत के आधार पर नहीं, बल्कि कंपनी के फंडामेंटल्स और प्रदर्शन के आधार पर होना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि निवेशक को अपनी शुरुआती सोच की समीक्षा करते रहना चाहिए। अगर कंपनी के नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं आ रहे हैं, मैनेजमेंट ने जो कहा था वह पूरा नहीं हो रहा है या कारोबार में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है, तो निवेश पर दोबारा विचार करना जरूरी है। हालांकि, केवल शेयर की कीमत में गिरावट को निवेश से बाहर निकलने का कारण नहीं मानना चाहिए। निवेशक को यह देखना चाहिए कि कंपनी का वास्तविक कारोबार कैसा प्रदर्शन कर रहा है और क्या उसके पास निवेश के लिए कोई बेहतर विकल्प उपलब्ध है।

शोमेश कुमार के मुताबिक, कई बार कंपनी के नतीजे अच्छे होते हैं, मैनेजमेंट की टिप्पणी सकारात्मक होती है और कारोबार में सुधार भी दिखाई देता है, लेकिन इसके बावजूद शेयर बाजार उस प्रदर्शन को तुरंत स्वीकार नहीं करता। ऐसी स्थिति में अगर कोई शेयर उम्मीद के मुताबिक तेजी से नहीं बढ़ता या गिरावट दिखाता है, तो निवेशक को घबराने के बजाय गहराई से विश्लेषण करना चाहिए। हो सकता है कि शेयर में गिरावट कमजोर मांग या कम फ्री फ्लोट के कारण आई हो, न कि कंपनी के कारोबार में किसी कमजोरी की वजह से। अगर आंकड़े अच्छे हैं और कारोबार की संभावनाएं मजबूत हैं, तो ऐसी गिरावट निवेशक के लिए अवसर भी बन सकती है।

इसके उलट स्थिति में सावधानी बरतने की सलाह दी। अगर कंपनी का मैनेजमेंट अच्छी बातें कर रहा है, लेकिन उसके वास्तविक प्रदर्शन और आंकड़ों में उसका असर दिखाई नहीं दे रहा है, तो निवेशक को सतर्क हो जाना चाहिए। केवल भविष्य की योजनाओं और वादों के आधार पर निवेश बनाए रखना सही नहीं है। कंपनी के कारोबार, सेक्टर की स्थिति और उसके वित्तीय नतीजों के बीच तालमेल होना जरूरी है। अगर कहानी और वास्तविक प्रदर्शन में अंतर है, तो निवेश से बाहर निकलने पर विचार करना चाहिए।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कई बार किसी कंपनी के नतीजे अच्छे दिखाई देते हैं, लेकिन शेयर की कीमत में वैसी प्रतिक्रिया नहीं आती। ऐसे में कंपनी की प्रेजेंटेशन और वित्तीय जानकारी को ध्यान से पढ़ना जरूरी है। संभव है कि कंपनी की बिक्री और मुनाफे में हुई बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा किसी अधिग्रहण से आया हो, जबकि उसके मौजूदा यानी कोर बिजनेस में खास वृद्धि न हुई हो। ऐसी स्थिति में निवेशक को यह समझना चाहिए कि अधिग्रहण कंपनी के लिए भविष्य में कितना मूल्य पैदा कर सकता है और क्या मौजूदा वैल्यूएशन पर निवेश बनाए रखना उचित है।

इस तरह लंबी अवधि के निवेश में केवल स्टॉप लॉस या शेयर की कीमत को आधार बनाना पर्याप्त नहीं है। कंपनी के नतीजे, कोर बिजनेस की ग्रोथ, मैनेजमेंट के वादे और भविष्य की संभावनाओं का लगातार आकलन करना चाहिए। सोमेश कुमार के अनुसार, जब तक कंपनी का कारोबार निवेशक की उम्मीदों के अनुरूप आगे बढ़ रहा है, तब तक केवल कीमत में गिरावट से घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन जब फंडामेंटल्स कमजोर पड़ने लगें और बेहतर विकल्प उपलब्ध हो, तो निवेश को स्विच करना समझदारी हो सकती है।


(शेयर मंथन, 17 नवंबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

राग-बाजारी