कच्चे तेल की कीमतें इस समय 100 डॉलर के नीचे जरूर आ चुकी हैं, लेकिन बाजार के लिए असली राहत तब मानी जाएगी जब ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर प्रति बैरल के नीचे स्थिर रूप से आ जाए।
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार कहते है कि हालात में वैश्विक अनिश्चितता, खासकर खाड़ी क्षेत्र और होरमुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) से जुड़ी खबरें, तेल की सप्लाई और कीमतों को सीधे प्रभावित कर रही हैं। इसलिए जब तक यह स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं होती और तेल 90 डॉलर से नीचे नहीं आता, तब तक बाजार में स्थिरता की उम्मीद करना जल्दबाजी हो सकती है। यह समझना भी जरूरी है कि शेयर बाजार और अर्थव्यवस्था (इकोनॉमी) एक ही समय पर प्रतिक्रिया नहीं देते। आमतौर पर बाजार पहले गिरता है और फिर संभलना शुरू करता है, जबकि वास्तविक आर्थिक आंकड़े (जैसे GDP) बाद में खराब या बेहतर दिखते हैं। इसी तरह, जब तेल की कीमतें गिरती हैं तो बाजार में तेजी तुरंत दिख सकती है, लेकिन इसका पूरा सकारात्मक असर अर्थव्यवस्था पर धीरे-धीरे आता है।
वैश्विक राजनीति और युद्ध जैसी स्थितियां भी बाजार को प्रभावित करती हैं, लेकिन लंबे समय तक कोई भी देश अपनी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाला संघर्ष नहीं चाहता। बड़ी अर्थव्यवस्थाएं अपनी ग्रोथ को बनाए रखने के लिए ऐसे तनावों को सीमित करने की कोशिश करती हैं। यही कारण है कि बाजार अक्सर इन घटनाओं को धीरे-धीरे “डाइजेस्ट” कर लेता है।
निवेशकों के लिए इस समय सबसे अहम संकेतक कच्चे तेल की कीमतें और बाजार की वोलैटिलिटी (VIX) हैं। यदि VIX 15 के नीचे आता है, तो यह संकेत होगा कि बाजार में डर कम हो रहा है और स्थिरता लौट रही है। कुल मिलाकर, जब तक ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर के नीचे नहीं आता और वैश्विक तनाव कम नहीं होते, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, इसलिए निवेशकों को धैर्य और सतर्कता के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
(शेयर मंथन, 27 मार्च 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)