महिलाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने और निवेश के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एचडीएफसी म्यूचुअल फंड (HDFC Mutual Fund) ने देशव्यापी निवेशक शिक्षा एवं जागरूकता अभियान ‘नारी निवेश यात्रा’ की शुरुआत की है। इस पहल का शुभारंभ मुंबई के बांद्रा स्थित चेतना कॉलेज में किया गया।
कंपनी के अनुसार, यह 6 महीने का व्यापक जन-जागरूकता अभियान होगा, जिसके तहत 2 विशेष वाहन देश के विभिन्न हिस्सों में यात्रा करेंगे और अनेक शहरों एवं कस्बों तक पहुँचेंगे। यात्रा के दौरान नुक्कड़ नाटकों और इंटरैक्टिव निवेशक जागरूकता सत्रों के माध्यम से लोगों को निवेश, वित्तीय योजना और दीर्घकालिक धन-सृजन से जुड़े विषयों की जानकारी दी जायेगी।
इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य जमीनी स्तर पर महिलाओं तक पहुँच बनाना है। इसके अंतर्गत देश भर में महिला स्वयं सहायता समूहों (Self Help Groups - SHGs) के साथ 60 विशेष सत्र आयोजित किये जायेंगे। इन सत्रों में वित्तीय योजना, लक्ष्य-आधारित निवेश, दीर्घकालिक संपत्ति निर्माण तथा अनुशासित निवेश की आदतों पर चर्चा की जायेगी।
इस अवसर पर एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी के एमडी एवं सीईओ नवनीत मुनोट (Navneet Munot) ने कहा, “भारत में महिलाएँ परिवार की सबसे अनुशासित बचतकर्ता होती हैं। लेकिन व्यक्तिगत वित्त और निवेश को लेकर सही संवाद के अभाव में संरचित निवेश तक उनकी पहुँच सीमित रही है। ‘नारी निवेश यात्रा’ का उद्देश्य इसी संवाद को महिलाओं तक पहुँचाना है, ताकि वे निवेश को जटिल विषय के बजाय अपने वित्तीय लक्ष्यों को पूरा करने के एक व्यावहारिक साधन के रूप में देख सकें।”
एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने बताया कि यह पहल उसके निवेशक शिक्षा अभियान ‘बर्नी से आजादी’ का विस्तार है, जिसके माध्यम से लोगों को पारंपरिक बचत के तरीकों से आगे बढ़ कर सूचित निवेश अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। कंपनी का कहना है कि इस यात्रा के जरिये वह महिलाओं में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने और उन्हें अपने वित्तीय लक्ष्यों की दिशा में आत्मविश्वास के साथ कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित करना चाहती है।
कंपनी ने निवेशकों को यह भी याद दिलाया कि व्यवस्थित निवेश योजना या सिप (SIP) बाजार के समय का अनुमान लगाने की आवश्यकता को कम करती है, दीर्घकालिक धन-सृजन के लिए उपयुक्त मानी जाती है तथा नियमित निवेश की आदत विकसित करने में सहायक होती है। (शेयर मंथन, 9 जून 2026)
Add comment