शेयर मंथन में खोजें

वैल्यू बाइंग करें या रुकें? बाजार में निवेशकों का सबसे बड़ा सवाल!

मौजूदा बाजार हालात में सबसे बड़ा सवाल यही है कि निवेशक वैल्यू बाइंग करें या फिर गिरावट के डर से थोड़ा और इंतजार करें।

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार कहते है कि इस समय पूरी तरह से एकतरफा फैसला लेना सही नहीं होगा, बल्कि “वेट एंड वॉच” की रणनीति अपनाना ज्यादा समझदारी भरा कदम है। पिछले कुछ वर्षों के ट्रेंड को देखें तो Nifty 50 आमतौर पर 20 गुना ट्रेलिंग पी/ई के आसपास मजबूत सपोर्ट दिखाता है और वहीं से रिवर्सल की संभावना बनती है। मौजूदा स्तर भी इसी के आसपास होने के कारण उम्मीद जरूर बनती है कि बाजार यहां से संभल सकता है, लेकिन वैश्विक अनिश्चितताएं—खासकर युद्ध और कमोडिटी प्राइस, अभी भी बड़ा रिस्क बनी हुई हैं।

ऐसे माहौल में निवेशकों के लिए जरूरी है कि वे जल्दबाजी में पूरा पैसा बाजार में न डालें, बल्कि चरणबद्ध तरीके से निवेश करें। अगर अगले कुछ दिनों में वैश्विक हालात स्थिर होते हैं और क्रेडिट ग्रोथ पर ज्यादा असर नहीं पड़ता, तो बैंकिंग, वित्तीय सेवाएँ और बीमा (BFSI) सेक्टर फिर से उभर सकता है और अगले बुल रन का हिस्सा बन सकता है। हालांकि, अल्पकाल में यह सेक्टर दबाव में रह सकता है, इसलिए उम्मीदों को सीमित रखना बेहतर रहेगा।

इसके अलावा, पोर्टफोलियो को स्थिर रखने के लिए फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवा और डायग्नोस्टिक्स जैसे सेक्टर्स में निवेश करना समझदारी भरा कदम हो सकता है। ये सेक्टर न सिर्फ गिरावट के समय सुरक्षा देते हैं, बल्कि बाजार के रिवर्सल में भी अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। साथ ही, निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो का बड़ा हिस्सा घरेलू (डोमेस्टिक) सेक्टर्स में रखना चाहिए, क्योंकि वैश्विक राजनीतिक और आर्थिक घटनाएं आने वाले समय में अस्थिरता बढ़ा सकती हैं। कंजम्प्शन से जुड़े सेक्टर्स जैसे कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रिटेल और अपैरल में भी भविष्य में ग्रोथ की अच्छी संभावना है, खासकर जब घरेलू मांग (डिस्पोजेबल इनकम) में सुधार होगा। वहीं, मैन्युफैक्चरिंग और कैपेक्स सेक्टर में निवेश करने से पहले थोड़ी और स्पष्टता का इंतजार करना बेहतर रहेगा, क्योंकि यदि आर्थिक गतिविधियों पर दूसरा असर (सेकंड-ऑर्डर इम्पैक्ट) आता है तो यह सेक्टर ज्यादा प्रभावित हो सकता है।

जहां तक स्मॉल कैप का सवाल है, वहां वैल्यूएशन काफी आकर्षक हो चुके हैं, लेकिन सेंटीमेंट कमजोर है और डिमांड की कमी दिख रही है। ऐसे में अगर कोई निवेशक स्मॉल कैप में निवेश करना चाहता है तो उसे लंबी अवधि कम से कम 2028 तक का नजरिया रखना जरूरी है। कुल मिलाकर, इस समय संतुलित रणनीति अपनाते हुए आंशिक निवेश, सेक्टर डाइवर्सिफिकेशन और धैर्य ही सफलता की कुंजी साबित हो सकते हैं।

 



(शेयर मंथन, 01 अप्रैल 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख