शेयर मंथन में खोजें

मुथूट फाइनेंस ने स्कूलों में स्वच्छता सुविधाओं के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की

मुथूट फाइनेंस ने अपने पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय एम. जी. जॉर्ज मुथूट की 77वीं जयंती के अवसर पर उत्तर, पूर्व और पश्चिम भारत के सरकारी स्कूलों में स्वच्छता सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 1 करोड़ रुपये की पहल की घोषणा की है। इसके साथ ही कंपनी ने शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल, सड़क सुरक्षा और दिव्यांगों की सहायता से जुड़ी 11 जनकल्याण योजनाएँ भी शुरू की हैं।

कंपनी ने बताया कि पिछले एक दशक में 13,411 से अधिक विद्यार्थियों को कुल 3.75 करोड़ रुपये की छात्रवृत्तियाँ दी गयी हैं। इन पहलों के जरिये कंपनी अपने पूर्व चेयरमैन के समावेशी विकास और सामुदायिक कल्याण के दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रही है।

मुथूट समूह के प्रबंध निदेशक अलेक्जेंडर जॉर्ज मुथूट ने समूह के उत्तर भारत कॉर्पोरेट कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में इन सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहलों की घोषणा की।

सरकारी स्कूलों में बनेंगे शौचालय

1 करोड़ रुपये की स्वच्छता योजना के तहत खास तौर पर ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में शौचालयों का निर्माण और नवीनीकरण किया जायेगा। प्रत्येक स्कूल की मौजूदा सुविधाओं और जरूरतों के अनुसार वहाँ एक से चार शौचालय इकाइयाँ बनाई जायेंगी या पुरानी सुविधाओं को बेहतर किया जायेगा। इन सुविधाओं को साफ-सुथरा रखने और मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता की जरूरतों को पूरा करने पर भी विशेष ध्यान दिया जायेगा। इससे खास तौर पर छात्राओं की गरिमा, स्वास्थ्य और स्कूल में नियमित उपस्थिति को बढ़ावा मिलेगा।

स्वच्छ भारत अभियान के तहत कंपनी ने हाल ही में हरियाणा के पानीपत जिले के बरौली स्थित सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नये शौचालय खंड का निर्माण पूरा कर उसका उद्घाटन किया है। इससे करीब 800 विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

शिक्षा के लिए कई पहल

शिक्षा के क्षेत्र में कंपनी ने कई अन्य योजनाएँ भी शुरू की हैं। इनमें उत्तर दिल्ली के आठवीं और नौवीं कक्षा के 100 मेधावी विद्यार्थियों को मुथूट एम. जॉर्ज उत्कृष्टता पुरस्कार देना शामिल है। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा देने के लिए साइकिलें बाँटी गयी हैं।

इसके अलावा, गुजरात के वडोदरा के स्कूलों को कक्षा-कक्षों के लिए जरूरी सुविधाएँ उपलब्ध करायी गयी हैं और राजकोट में डिजिटल कंप्यूटर प्रयोगशाला स्थापित की गयी है। अहमदाबाद के स्कूलों में 5,000 विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन से जुड़ी सामग्री भी दी गयी है।

कंपनी के अनुसार, पिछले दस वर्षों में 13,411 से अधिक विद्यार्थियों को 3.75 करोड़ रुपये की छात्रवृत्तियाँ दी गयी हैं। इसका उद्देश्य उन्हें उच्च शिक्षा हासिल करने और अपने भविष्य के लक्ष्य पूरे करने में सहायता देना है।

वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंदों की मदद

जनकल्याण से जुड़ी अन्य पहलों के तहत फरीदाबाद, गोरखपुर और भोपाल के वरिष्ठ नागरिकों के आश्रय गृहों और देखभाल संस्थानों को मोटर से चलने वाली व्हीलचेयर तथा फ्रिज और वाशिंग मशीन जैसे जरूरी घरेलू उपकरण दान किये गये हैं।

भोपाल के मिसरोद स्थित एक सरकारी स्कूल में स्वच्छ पेयजल की सुविधा भी स्थापित की गयी है, जिससे 700 से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। वहीं, जयपुर में नागरिक सेवाओं से जुड़े अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को सुरक्षा हेलमेट बाँटे गये हैं।

इस अवसर पर अलेक्जेंडर जॉर्ज मुथूट ने कहा कि ये पहल कंपनी के पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय एम. जी. जॉर्ज मुथूट को एक विनम्र श्रद्धांजलि हैं। उनका दृढ़ विश्वास था कि शिक्षा और सामुदायिक कल्याण समाज में टिकाऊ बदलाव लाने के प्रमुख माध्यम हैं। उनकी सोच आज भी कंपनी को उन समुदायों के जीवन में सार्थक और स्थायी बदलाव लाने के लिए प्रेरित करती है, जिनके बीच वह काम करती है।

उन्होंने कहा कि स्कूलों में जरूरी स्वच्छता सुविधाओं, शिक्षा के अवसरों और जमीनी स्तर पर कल्याणकारी योजनाओं में निवेश के जरिये कंपनी विद्यार्थियों, खासकर छात्राओं के सामने आने वाली बाधाओं को दूर करना चाहती है। साथ ही, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के वंचित वर्गों को बेहतर सुविधाएँ और सहायता उपलब्ध कराना भी इसका उद्देश्य है।

(शेयर मंथन, 10 नवंबर 2026)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

राग-बाजारी