जून 2026 में भारतीय शेयर बाजार ने एक बार फिर मजबूती दिखायी। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से निवेशकों का भरोसा लौटा। घरेलू निवेशकों की लगातार खरीदारी ने भी बाजार को सहारा दिया।
जुलाई में शेयर बाजार का आउटलुक
जुलाई 2026 में भारतीय शेयर बाजार की दिशा काफी हद तक पहली तिमाही (Q1FY27) के नतीजों, कंपनियों के मैनेजमेंट की भविष्य की गाइडेंस, मानसून की प्रगति और वैश्विक आर्थिक घटनाक्रम पर निर्भर रहने वाली है। ऐक्सिस सिक्योरिटी का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, मजबूत घरेलू अर्थव्यवस्था, आरबीआई की सहयोगी नीतियाँ और सरकारी पूंजीगत खर्च बाजार के लिए सकारात्मक माहौल तैयार कर रहे हैं। हालाँकि, विदेशी निवेशकों की बिकवाली, रुपये में उतार-चढ़ाव और वैश्विक अनिश्चितताएँ निकट अवधि में बाजार को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे माहौल में ब्रोकरेज ने मजबूत फंडामेंटल और बेहतर ग्रोथ क्षमता वाले 15 शेयरों को अपनी टॉप पिक्स में शामिल किया है।
इन 15 शेयरों में दिख रहा है दमदार रिटर्न का अनुमान
ऐक्सिस सिक्योरिटी ने जुलाई 2026 के लिए अपनी टॉप स्टॉक पिक्स में 15 शेयरों को शामिल किया है। ब्रोकरेज के मुताबिक डालमिया भारत इस सूची में सबसे आगे है, जिसमें अगले 12 महीनों में करीब 43% तक रिटर्न की संभावना जताई गयी है। इसके बाद भारती एयरटेल में 37%, एटरनल में 36%, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक में 32%, कोटक महिन्द्रा बैंक में 27%, APL अपोलो ट्यूब्स में 26%, वरुण बेवरेजेज और आईसीआईसीआई बैंक में 24-24%, शैलेट होटल्स में 23%, एवेन्यू सुपरमार्ट्स (DMart) और हेल्थकेयर ग्लोबल एंटरप्राइजेज (HCG) में 20-20%, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया और नेस्ले इंडिया में 17-17%, बजाज फाइनेंस में 15% और मिंडा कॉर्पोरेशन में 13% तक संभावित रिटर्न का अनुमान दिया गया है। ये सभी लक्ष्य अगले 12 महीनों के निवेश को ध्यान में रखकर तय किये गये हैं।
लार्ज कैप शेयरों में इन कंपनियों पर भरोसा
ऐक्सिस सिक्योरिटी ने बड़े बाजार पूंजीकरण वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, वरुण बेवरेजेज, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, एवेन्यू सुपरमार्ट्स (DMart), आईसीआईसीआई बैंक, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया, नेस्ले इंडिया और एटरनल लिमिटेड को शामिल किया है। ब्रोकरेज के अनुसार वित्तीय सेवाओं, टेलीकॉम और उपभोक्ता कंपनियाँ आने वाले समय में बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं। इनमें भारती एयरटेल में लगभग 37% और एटरनल लिमिटेड में करीब 36% तक की संभावित बढ़त का अनुमान जताया गया है, जबकि कोटक महिंद्रा बैंक, वरुण बेवरेजेज और आईसीआईसीआई बैंक भी आकर्षक रिटर्न देने की क्षमता रखते हैं।
मीड कैप शेयरों में सबसे ज्यादा संभावनाएँ
मिडकैप श्रेणी में डालमिया भारत और APL अपोलो ट्यूब्स को प्रमुख पसंद बनाया गया है। ब्रोकरेज का मानना है कि इंफ्रास्ट्रक्चर, निर्माण गतिविधियों और कैपेक्स साइकिल में तेजी से इन कंपनियों को फायदा मिल सकता है। डालमिया भारत के लिए लगभग 43% और APL अपोलो ट्यूब्स के लिए करीब 26% तक की संभावित तेजी का अनुमान दिया गया है।
स्मॉल कैप शेयरों में कहाँ दिख रहा है मौका?
स्मॉलकैप कैटेगरी में उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक, शैलेट होटल्स, मिंडा कॉर्पोरेशन और हेल्थकेयर ग्लोबल एंटरप्राइजेज (HCG) को चुना गया है। ऐक्सिस सिक्योरिटी का मानना है कि बैंकिंग, हॉस्पिटैलिटी, ऑटो कंपोनेंट और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों में लंबी अवधि की ग्रोथ मजबूत बनी हुई है। इनमें उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक में लगभग 32%, शैलेट होटल्स में 23%, हेल्थकेयर ग्लोबल एंटरप्राइजेज में 20% और मिंडा कॉर्पोरेशन में 13% तक की संभावित बढ़त का अनुमान लगाया गया है।
किन सेक्टरों पर है सबसे ज्यादा भरोसा?
रिपोर्ट के अनुसार ब्रोकरेज की सबसे अधिक सकारात्मक राय बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं (BFSI), टेलीकॉम, कैपिटल गुड्स, हेल्थकेयर तथा पावर और एनर्जी सेक्टर पर बनी हुई है। इसके अलावा चुनिंदा कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी, रिटेल और कैपेक्स से जुड़े शेयरों में भी निवेश के अवसर दिखायी दे रहे हैं। वहीं सूचना प्रौद्योगिकी (IT) सेक्टर को लेकर कंपनी ने मध्यम अवधि में सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े बदलाव इस उद्योग के लिए चुनौती बन सकते हैं।
निवेशकों के लिए क्या है रणनीति?
ऐक्सिस सिक्योरिटी का कहना है कि भारतीय अर्थव्यवस्था की लंबी अवधि की विकास कहानी अभी भी मजबूत बनी हुई है। ब्रोकरेज का मानना है कि बाजार में उतार-चढ़ाव के दौरान चरणबद्ध तरीके से निवेश करते हुए उच्च गुणवत्ता वाली कंपनियों में 12 से 18 महीने के नजरिए से निवेश करना बेहतर रणनीति हो सकती है। रिपोर्ट में निवेशकों को 10-15% नकदी बनाए रखने की सलाह भी दी गयी है ताकि बाजार में गिरावट आने पर अच्छे शेयरों में खरीदारी का अवसर मिल सके। (शेयर मंथन, 04 जुलाई 2026)