ऐक्सिस बैंक ने शनिवार को बताया कि वित्त वर्ष 2027 की अप्रैल-जून तिमाही में उसका स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 23% बढ़ कर 7,114 करोड़ रुपये हो गया।
इसकी वजह बेहतर ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस और स्थिर एसेट क्वालिटी रही। प्राइवेट सेक्टर के इस बैंक ने पिछले साल इसी तिमाही में 5,806 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था। नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) (कमाए गए ब्याज और चुकाए गए ब्याज के बीच का अंतर) सालाना आधार पर 8% बढ़कर 14,646 करोड़ रुपये हो गयी, जो एक साल पहले 13,560 करोड़ रुपये थी। तिमाही के लिए नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) 3.46% रहा। फीस से होने वाली इनकम 7% बढ़कर 6,156 करोड़ रुपये हो गयी, जबकि कुल नॉन-इंटरेस्ट इनकम 6,735 करोड़ रुपये रही। ऑपरेटिंग प्रॉफिट 11,659 करोड़ रुपये रहा, जबकि कोर ऑपरेटिंग प्रॉफ़िट सालाना आधार पर 10% बढ़कर 11,122 करोड़ रुपये हो गया।
तिमाही के दौरान एक्सिस बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार हुआ। ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (GNPA) रेश्यो 30 जून, 2026 तक घटकर 1.28% हो गया, जो एक साल पहले 1.57% था, जबकि नेट NPA रेश्यो 0.45% से सुधरकर 0.39% हो गया। तिमाही के लिए ग्रॉस स्लिपेज 5,566 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह 8,200 करोड़ रुपये था। वहीं नेट क्रेडिट कॉस्ट घटकर 0.63% हो गयी। प्रोविजन कवरेज रेश्यो 70% पर बना रहा। (शेयर मंथन, 18 जुलाई 2026)