शेयर मंथन में खोजें

एसऐंडपी बीएसई सेंसेक्स

क्या बढ़ती महँगाई आरबीआई को ब्याज दरें बढ़ाने पर मजबूर करेगी?

आरबीआई की नीतियों को लेकर बाजार में जो चिंता उभर रही है, उसका मूल कारण बढ़ती महँगाई और रुपये पर दबाव है।

जब डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होता है, तो भारतीय रिजर्व बैंक के पास सीमित विकल्प बचते हैं। वह या तो डॉलर बेचकर मुद्रा को संभाले या फिर ब्याज दरें बढ़ाकर पूंजी के बहिर्गमन को रोके। लेकिन अगर महंगाई लगातार ऊंची बनी रहती है, तो मजबूरी में ब्याज दरें बढ़ानी पड़ती हैं, जिसका सीधा असर कंपनियों की कमाई, निवेश और पूरे शेयर बाजार पर पड़ता है। इससे आर्थिक गतिविधियों की रफ्तार धीमी पड़ सकती है और ग्रोथ साइकिल पर दबाव आता है।

यह स्थिति केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि एक वैश्विक चुनौती बन चुकी है। कई छोटे और विकासशील देश ऊर्जा और आयात पर अत्यधिक निर्भर हैं, जिससे उनके लिए महंगाई को नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में अगर ऊर्जा कीमतों में उछाल लंबे समय तक बना रहता है, तो कई अर्थव्यवस्थाएं गंभीर संकट में फंस सकती हैं। हालांकि भारत ने अब तक इस दबाव को अपेक्षाकृत बेहतर तरीके से संभाला है, लेकिन इसका कारण केवल नीतिगत मजबूती नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था का बड़ा आकार और विविधता भी है।

भारत की सबसे बड़ी चुनौती उसकी ऊर्जा निर्भरता है, जहां देश अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है। यदि वैश्विक सप्लाई में बाधा आती है, तो केवल कीमतें ही नहीं बढ़ेंगी बल्कि उपलब्धता भी एक बड़ा जोखिम बन सकती है। यही वजह है कि अब केवल अल्पकालिक उपायों से काम नहीं चलेगा। सरकार को दीर्घकालिक रणनीति अपनानी होगी, जिसमें वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों, जैसे रिन्यूएबल और ग्रीन हाइड्रोजन में तेज निवेश जरूरी है। इस दिशा में यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में देश को और बड़े आर्थिक झटकों का सामना करना पड़ सकता है।

इसके साथ ही नीतिगत दृष्टिकोण में भी बदलाव की जरूरत है। अतीत में तेल कंपनियों पर सब्सिडी का बोझ डालकर जो स्थिति बनी थी, उससे सीख लेना जरूरी है। बाजार को विकृत करने वाली नीतियों के बजाय पारदर्शी और टिकाऊ ढांचा तैयार करना होगा। सरकार के पास फिलहाल संसाधनों की कमी नहीं है, इसलिए यह समय रक्षात्मक नहीं बल्कि आक्रामक रणनीति अपनाने का है। यदि सही सेक्टरों, खासकर ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश को प्रोत्साहन दिया जाए और विदेशी निवेशकों के लिए अवसर खोले जाएं, तो भारत न केवल इस संकट को झेल सकता है बल्कि इससे मजबूत होकर भी उभर सकता है।

 



(शेयर मंथन, 13 अप्रैल 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख