शेयर मंथन में खोजें

क्या सोना, रियल एस्टेट और शेयर बाजार, सबमें जोखिम छिपा है?

निवेश की दुनिया में सबसे पहला और सबसे महत्वपूर्ण सच यह है कि “पूरी तरह सुरक्षित” यानी बिल्कुल रिस्क-फ्री निवेश जैसी कोई चीज नहीं होती।

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार कहते है कि अक्सर लोग सोना, रियल एस्टेट या सरकारी बॉन्ड्स को सुरक्षित मानते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि हर एसेट क्लास में किसी न किसी रूप में जोखिम मौजूद रहता है, चाहे वह कीमतों का उतार-चढ़ाव हो, लिक्विडिटी की समस्या हो या फिर आर्थिक और वैश्विक घटनाओं का असर। इसलिए एक समझदार निवेशक का लक्ष्य “रिस्क से बचना” नहीं, बल्कि “रिस्क को समझकर और मैनेज करके निवेश करना” होना चाहिए। अगर कोई निवेशक कम जोखिम के साथ शुरुआत करना चाहता है, तो उसे सबसे पहले अपने निवेश के लक्ष्य और समय अवधि (टाइम होराइजन) को स्पष्ट करना चाहिए। कम जोखिम के विकल्पों में सरकारी बॉन्ड्स या फिक्स्ड इनकम इंस्ट्रूमेंट्स आते हैं, लेकिन इनमें भी पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं होती। फिर भी, ये अपेक्षाकृत स्थिर रिटर्न देते हैं और छोटे समय में पूंजी की सुरक्षा में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा, बैलेंस्ड या हाइब्रिड फंड्स एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं, क्योंकि इनमें इक्विटी और डेट दोनों का मिश्रण होता है, जिससे जोखिम थोड़ा संतुलित हो जाता है।

हालांकि, यदि निवेशक युवा है और लंबी अवधि के लिए निवेश कर सकता है, तो सबसे प्रभावी रणनीति “छोटे-छोटे निवेश के जरिए नियमित रूप से इंडेक्स फंड में निवेश” करना मानी जाती है। इंडेक्स फंड, जैसे कि Nifty 50 पर आधारित फंड, पूरे बाजार का प्रदर्शन दिखाते हैं और लंबे समय में स्थिर ग्रोथ की संभावना रखते हैं। ऐतिहासिक रूप से देखा जाए तो 5 से 10 साल के लंबे समय में इनका जोखिम काफी कम हो जाता है और नुकसान की संभावना भी घटती जाती है।

निवेश में सफलता का मंत्र यही है कि आप अपनी जोखिम क्षमता को समझें, निवेश को विविध (diversify) करें और लंबी अवधि का नजरिया रखें। “सेफेस्ट” निवेश ढूंढने के बजाय “सही संतुलन” बनाना ज्यादा जरूरी है। क्योंकि असली समझदारी यही है कि आप जोखिम को खत्म नहीं कर सकते, लेकिन उसे सही तरीके से मैनेज जरूर कर सकते हैं।

 



(शेयर मंथन, 28 मार्च 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख