शेयर बाजार में हालिया तेजी के बीच निवेशकों के लिए अगली दिवाली तक अच्छी संभावनाएं बनती दिखाई दे रही हैं।
ICICI Securities के रिसर्च प्रमुख पंकज पांडे के मुताबिक, बाजार की दिशा मुख्य रूप से तीन चीजों पर निर्भर करती है- मैक्रो इकोनॉमिक स्थिति, कंपनियों की अर्निंग्स और निवेश का फ्लो। फिलहाल इन तीनों मोर्चों पर स्थिति धीरे-धीरे बेहतर हो रही है। खासतौर पर कंपनियों की कमाई में सुधार और आकर्षक वैल्यूएशन बाजार को सहारा दे सकते हैं।
पंकज पांडे के मुताबिक, निफ्टी की अर्निंग्स ग्रोथ मार्च में करीब 5 फीसदी थी, जो पहली तिमाही में बढ़कर 13 फीसदी हो गई। वहीं दूसरी तिमाही के शुरुआती नतीजों में कंपनियों की प्रॉफिट ग्रोथ करीब 24 फीसदी रही है। अगले दो वर्षों में अर्निंग्स ग्रोथ करीब 16 फीसदी रहने का अनुमान है। इसके अलावा घरेलू निवेशकों का पैसा बाजार में लगातार आ रहा है। SIP के जरिए हर महीने करीब 32-33 हजार करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है। इन परिस्थितियों को देखते हुए उनका मानना है कि अगली दिवाली तक बाजार में 16-17 फीसदी तक की तेजी संभव है और निफ्टी नया रिकॉर्ड बना सकता है।
(शेयर मंथन, 10 नवंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)


