आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को लेकर दुनियाभर में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है और कंपनियां अपनी सेवाओं में AI को शामिल करने पर जोर दे रही हैं।
इसी बीच AI पर फोकस करने वाली कंपनी वन प्वाइंट वन सॉल्यूशन ने अपने कारोबार में मजबूत ग्रोथ दर्ज की है। हालिया तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू दोगुने से ज्यादा बढ़ा, जबकि आम मुनाफे में करीब 73 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी के मुताबिक इस प्रदर्शन के पीछे उसके मौजूदा कारोबार की ग्रोथ के साथ हाल में किए गए अधिग्रहण का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
वन प्वाइंट वन सॉल्यूशन के सीईओ ग्लोबल आकाश कार्णिक का कहना है कि पनी ने पिछले वित्त वर्ष में कोस्टा रिका की नेटकॉम बीसीसी का अधिग्रहण पूरा किया था। इस कंपनी की मौजूदगी कोस्टा रिका, कोलंबिया और पनामा में है और यह पूरे लैटिन अमेरिकी क्षेत्र को कवर करती है। मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में पहली बार इस अधिग्रहण का पूरा असर कंपनी के कंसोलिडेटेड नतीजों में दिखाई दिया। प्रबंधन का कहना है कि इस अधिग्रहण से आने वाले क्वार्टरों में भी लगातार ग्रोथ का सपोर्ट मिलने की उम्मीद है।
दिलचस्प बात यह है कि अधिग्रहण को अलग कर देखा जाए तो कंपनी की ऑर्गेनिक ग्रोथ भी मजबूत बनी हुई है। प्रबंधन के अनुसार ऑर्गेनिक आधार पर कंपनी करीब 20 से 25 फीसदी की सालाना ग्रोथ लगातार हासिल कर रही है। मौजूदा स्थिति में ग्रोथ का योगदान लगभग 50-50 है, यानी आधा हिस्सा पुराने कारोबार से और आधा अधिग्रहित कंपनी से आ रहा है।
कंपनी ने इस वित्त वर्ष में करीब 100 फीसदी ग्रोथ की उम्मीद जताई है। प्रबंधन के मुताबिक पूरे वित्तीय वर्ष में पिछले वर्ष की तुलना में रेवेन्यू में लगभग दोगुनी वृद्धि देखने को मिल सकती है। नेटकॉम बीसीसी का योगदान भी लगभग 50 फीसदी रहने का अनुमान है। हालांकि उत्तरी अमेरिका में अक्टूबर से दिसंबर की अवधि कुछ कारोबारों के लिए अपेक्षाकृत धीमी रहती है, लेकिन जनवरी से मार्च का क्वार्टर इस कमजोरी को कुछ हद तक संतुलित कर सकता है।
कंपनी का अगला बड़ा फोकस AI पर है। प्रबंधन के अनुसार AI आधारित सेवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है और कंपनी जनरेटिव AI के जरिए कस्टमर कॉल, ईमेल, चैट और सोशल मीडिया क्वेरीज को अधिक प्रभावी ढंग से संभालने पर काम कर रही है। कंपनी का दावा है कि इसका उद्देश्य मानव हस्तक्षेप को कम करते हुए सिस्टम आधारित समाधान उपलब्ध कराना है।
(शेयर मंथन, 27 अगस्त 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)