शेयर बाजार में पिछले कुछ दिनों से कमजोरी और कंसोलिडेशन का माहौल देखने को मिल रहा है।
निफ्टी में लगातार दो बड़ी लाल कैंडल बनने के बाद निवेशकों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि क्या बाजार में किसी बड़े खतरे के संकेत मिल रहे हैं। बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि मौजूदा स्तर पर अभी पूरी तरह से निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह क्षेत्र बाजार में एक मजबूत बाउंस का आधार बन सकता है। हालांकि, बाजार की दिशा को लेकर दो ऐसे संकेत जरूर हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
विश्लेषक के मुताबिक, छोटे टाइम फ्रेम पर निफ्टी में एक लोअर हाई पैटर्न दिखाई दे रहा है, लेकिन अभी यह पैटर्न पूरी तरह कंफर्म नहीं हुआ है। इसके अलावा इंडेक्स की मौजूदा कैंडल 20-DMA के नीचे बन रही है, जो बाजार के लिए एक डिसकंफर्टिंग फैक्टर है। इसके बावजूद 24,000 का स्तर फिलहाल सबसे महत्वपूर्ण सपोर्ट के तौर पर देखा जा रहा है। जब तक निफ्टी इस स्तर के नीचे क्लोज नहीं करता, तब तक मौजूदा लोअर हाई पैटर्न को पूरी तरह ट्रिगर नहीं माना जाएगा।
सोमेश कुमार के अनुसार, 24,000 का स्तर टूटने तक बाजार में पॉजिटिव नजरिया बनाए रखने का मौका है। यानी इस स्तर के ऊपर रहने तक ट्रेडर्स बाजार में तेजी की संभावनाओं को ध्यान में रखकर अपनी रणनीति बना सकते हैं। लेकिन अगर निफ्टी 24,000 के नीचे निर्णायक रूप से बंद होता है, तो रणनीति बदलनी होगी और बाजार में कमजोरी के नए दौर के लिए तैयार रहना होगा।
तकनीकी तस्वीर को दूसरे तरीके से देखने पर निफ्टी में एक ट्रायंगल पैटर्न भी बनता दिखाई दे रहा है। इस तरह के पैटर्न में बाजार कुछ समय तक एक सीमित दायरे में घूमने के बाद ऊपर या नीचे की दिशा में ब्रेकआउट या ब्रेकडाउन दे सकता है। इसलिए आने वाले दिनों में 24,000 का सपोर्ट और ऊपर की तरफ बनने वाली ट्रेंड लाइन बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
अगर ट्रायंगल पैटर्न ऊपर की ओर टूटता है तो बाजार में अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है, लेकिन अगर यह नीचे की तरफ टूटता है तो फिर तुरंत नया बॉटम तलाशने के बजाय बाजार को स्थिर होने और नया बेस बनाने का इंतजार करना बेहतर होगा। इसलिए फिलहाल निफ्टी के लिए 24,000 का स्तर बाजार की दिशा तय करने वाला अहम ट्रिगर बना हुआ है।
(शेयर मंथन, 31 अगस्त 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)