आदित्य इन्फोटेक को लेकर लंबे समय के निवेशकों के मन में सवाल है कि कंपनी की ग्रोथ को देखते हुए मौजूदा स्तर पर इसमें निवेश करना सही रहेगा या नहीं।
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि कंपनी के कारोबार में अब तक अच्छी ग्रोथ देखने को मिली है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी की सालाना बिक्री करीब 2,300 करोड़ रुपये थी, जो वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर करीब 4,200 करोड़ रुपये हो गई। यानी पिछले कुछ वर्षों में कंपनी ने कारोबार बढ़ाने में अच्छी रफ्तार दिखाई है। Aditya Infotech मुख्य रूप से वीडियो सिक्योरिटी, सर्विलांस और इससे जुड़े प्रोडक्ट्स के कारोबार में है, जिसके कारण कंपनी के लिए आगे भी ग्रोथ की संभावनाएं बनी रह सकती हैं।
हालांकि, मौजूदा वैल्यूएशन को लेकर सावधानी जरूरी है। एक्सपर्ट ने बताया कि कंपनी को करीब 87-90 गुना के ऊंचे P/E मल्टीपल पर वैल्यूएशन मिल रहा है। ऐसे में बाजार की उम्मीदें भी कंपनी की भविष्य की ग्रोथ पर काफी ज्यादा टिकी हुई हैं। अगर कंपनी इसी रफ्तार से ग्रोथ जारी रखती है तो मौजूदा वैल्यूएशन को कुछ हद तक सपोर्ट मिल सकता है, लेकिन ग्रोथ में कमजोरी आने पर शेयर के वैल्यूएशन पर दबाव बन सकता है।
जून तिमाही के आंकड़ों को लेकर भी विश्लेषक ने सावधानी बरतने की बात कही। कंपनी की तिमाही बिक्री करीब 1,400 करोड़ रुपये के आसपास रही, जो पिछली अवधि के मुकाबले खास तेजी नहीं दिखाती। सिर्फ सालाना आधार पर करीब 90 फीसदी ग्रोथ देखकर उत्साहित होने के बजाय तिमाही आधार पर कारोबार की रफ्तार को देखना ज्यादा जरूरी है। इसके अलावा कंपनी का मार्जिन भी करीब 18 फीसदी से घटकर 15 फीसदी के आसपास आने की बात कही गई है। इससे संकेत मिलता है कि कंपनी के लिए सिर्फ बिक्री बढ़ाना ही नहीं, बल्कि मुनाफे और मार्जिन को बनाए रखना भी अहम चुनौती होगी।
विश्लेषक के मुताबिक Aditya Infotech में सबसे बड़ा जोखिम यही है कि अगर करीब 1,400 करोड़ रुपये की तिमाही बिक्री आगे भी इसी स्तर पर बनी रहती है, तो कंपनी के लिए मौजूदा रेट ऑफ ग्रोथ को बनाए रखना मुश्किल हो सकता है। ऐसी स्थिति में करीब 90 गुना P/E जैसे ऊंचे वैल्यूएशन को बनाए रखना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। शेयर की कीमत को लंबे समय में सबसे ज्यादा सपोर्ट कंपनी के वास्तविक बिजनेस ग्रोथ और मुनाफे से ही मिलेगा।
तकनीकी स्तर पर करीब 3,200-3,250 रुपये के आसपास डबल बॉटम जैसा पैटर्न बनने की बात कही गई है। लेकिन एक्सपर्ट इस स्तर को लेकर बहुत ज्यादा भरोसा करने के बजाय करीब 3,850 रुपये के स्तर पर फोकस करने की सलाह देते हैं। उनके मुताबिक जब तक शेयर 3,850 रुपये के स्तर के ऊपर मजबूती से नहीं निकलता, तब तक इसमें किसी तरह की सकारात्मक धारणा बनाना जल्दबाजी होगी। इसके लिए कंपनी के अगले तिमाही नतीजे भी महत्वपूर्ण होंगे।
इसलिए Aditya Infotech में लंबी अवधि के निवेश पर नजर रखने वाले निवेशकों के लिए फिलहाल जल्दबाजी करने के बजाय अगली तिमाही के नतीजों का इंतजार करना बेहतर रणनीति हो सकती है। अगर आने वाले नतीजों में कंपनी की ग्रोथ रफ्तार बेहतर होती है या मौजूदा स्तर पर बनी रहती है और मार्जिन में भी सुधार दिखाई देता है, तो शेयर पर दोबारा सकारात्मक नजरिया बन सकता है। वहीं, कमजोर ग्रोथ और मार्जिन में गिरावट मौजूदा ऊंचे वैल्यूएशन के लिए जोखिम बढ़ा सकती है।
(शेयर मंथन, 10 सितंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)