भारत में अगली औद्योगिक क्रांति केवल पारंपरिक मैन्युफैक्चरिंग तक सीमित नहीं रहने वाली है।
जेफरीज की 8 सितंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में सेमीकंडक्टर, स्पेस, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा सेंटर, सोलर मैन्युफैक्चरिंग और एयरोस्पेस जैसे नये सेक्टर तेजी से उभर रहे हैं। बड़े घरेलू बाजार, बढ़ती मांग, मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और सरकारी नीतियों का समर्थन इन क्षेत्रों को भविष्य के नये ग्रोथ इंजन बना रहा है।
स्पेस सेक्टर में निजी कंपनियों की भागीदारी इस बदलाव का अहम हिस्सा है। सरकार ने 2020 में स्पेस सेक्टर को निजी क्षेत्र के लिए खोला था और 2023 की स्पेस पॉलिसी के बाद स्टार्टअप्स के लिए अवसर बढ़े हैं। रिपोर्ट के अनुसार, भारत की स्पेस इकोनॉमी 2023 के करीब 8.4 अरब डॉलर से बढ़ कर 2030 तक 40-45 अरब डॉलर और 2040 तक 100 अरब डॉलर तक पहुँच सकती है। 2026 तक भारत में 400 से ज्यादा स्पेस स्टार्टअप्स मौजूद हैं।
सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी भारत अब सिर्फ योजना बनाने से आगे बढ़कर वास्तविक निवेश और उत्पादन की दिशा में बढ़ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग में करीब 20 अरब डॉलर के निवेश सामने आ चुके हैं। सरकार ने 2026 में दूसरे चरण के लिए करीब 13 अरब डॉलर का इंसेंटिव प्लान शुरू किया है, जिसका उद्देश्य चिप मैन्युफैक्चरिंग के साथ डिजाइन, पैकेजिंग, उपकरण और कच्चे माल के पूरे इकोसिस्टम को विकसित करना है।
डेटा सेंटर भी भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का बड़ा आधार बन रहे हैं। देश की कोलोकेशन क्षमता पिछले पांच वर्षों में पांच गुना बढ़कर करीब 2GW हो चुकी है। अगले पांच वर्षों में इसके करीब 10GW तक पहुंचने का अनुमान है। इससे ऑपरेटरों के लिए करीब 9 अरब डॉलर का रेवेन्यू अवसर और बिजली, कूलिंग, कंस्ट्रक्शन और नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर में करीब 45 अरब डॉलर के निवेश का अवसर बन सकता है।
इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स में भारत का फोकस अब केवल असेंबली से आगे बढ़कर कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग और ज्यादा घरेलू वैल्यू एडिशन पर है। वहीं सोलर सेक्टर में करीब 35GW सेल क्षमता चालू है और लगभग 100 गीगावाट क्षमता निर्माणाधीन बताई गई है। एयरोस्पेस में भी भारत की कम लागत वाली मैन्युफैक्चरिंग और इंजीनियरिंग क्षमता वैश्विक कंपनियों के लिए अवसर पैदा कर रही है। इस तरह आने वाले वर्षों में ये सेक्टर भारत के औद्योगिक और निवेश परिदृश्य को नई दिशा दे सकते हैं।
(शेयर मंथन, 12 सितंबर 2026)