शेयर मंथन में खोजें

बाटा इंडिया में क्यों खत्म होती दिख रही है ग्रोथ की कहानी?

राजीव वर्मा जानना चाहते हैं कि उन्हें बाटा इंडिया (Bata India) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि बाटा इंडिया को लेकर बाजार में लंबे समय से एक प्रीमियम ब्रांड वाली धारणा बनी हुई है, लेकिन इसके वैल्यूएशन और ग्रोथ को लेकर सवाल उठाने लगे हैं। कंपनी का नाम और ब्रांड पहचान आज भी मजबूत है, लेकिन निवेशकों की चिंता इस बात को लेकर बढ़ रही है कि आखिर बेहद धीमी ग्रोथ के बावजूद बाजार इसे इतने ऊंचे वैल्यूएशन पर क्यों ट्रेड करा रहा है। फिलहाल बाटा इंडिया करीब 50 गुना प्राइस टू अर्निंग (P/E) वैल्यूएशन पर ट्रेड कर रहा है, जबकि कंपनी की सेल्स ग्रोथ बेहद कमजोर बनी हुई है।

हालिया तिमाहियों में कंपनी की बिक्री वृद्धि लगभग शून्य या कई बार नेगेटिव तक रही है। सालाना आधार पर भी ग्रोथ केवल 1% के आसपास दिखाई देती है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब बिजनेस में मजबूत विस्तार नहीं हो रहा, तो इतनी ऊंची वैल्यूएशन को कैसे सही ठहराया जाए। बाटा इंडिया का तेज ग्रोथ वाला दौर अब लगभग खत्म हो चुका है और बाजार में बढ़ते प्रतिस्पर्धियों ने इसकी प्राइसिंग पावर को कमजोर कर दिया है।

कोविड के बाद फुटवियर सेक्टर में कुछ समय के लिए मांग जरूर बढ़ी थी, लेकिन वह तेजी टिकाऊ साबित नहीं हुई। अब बाजार में कई नए और आक्रामक ब्रांड आ चुके हैं, जो फैशन, डिज़ाइन और प्राइसिंग के जरिए ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। बाटा इंडिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती यही है कि उसके पास ऐसा कोई बड़ा इनोवेशन या अलग पहचान वाला प्रोडक्ट नहीं दिख रहा, जिससे वह दोबारा तेज ग्रोथ हासिल कर सके।

कंपनी की वित्तीय तस्वीर भी कई सवाल खड़े करती है। पहले कम बिक्री पर भी कंपनी बेहतर मुनाफा कमा लेती थी, लेकिन अब सेल्स बढ़ने के बावजूद प्रॉफिट में उसी अनुपात में सुधार नहीं दिख रहा। इसका सीधा मतलब है कि कंपनी की प्राइसिंग पावर कमजोर हुई है और प्रतिस्पर्धा लगातार मार्जिन पर दबाव बना रही है। एक समय लगभग 500 करोड़ रुपये की सेल्स पर कंपनी 200 करोड़ रुपये से अधिक का मुनाफा कमा लेती थी, लेकिन अब कहीं ज्यादा बिक्री के बावजूद लाभप्रदता उतनी मजबूत नहीं दिखती।

तकनीकी चार्ट की बात करें तो स्टॉक की चाल भी कमजोर नजर आती है। लंबे समय के चार्ट में यह लगातार दबाव में दिखाई देता है और कई विशेषज्ञ इसे “वॉटरफॉल पैटर्न” जैसी गिरावट मान रहे हैं। उनका मानना है कि यदि कंपनी की ग्रोथ और प्रॉफिटेबिलिटी में बड़ा सुधार नहीं आता, तो स्टॉक में आगे भी दबाव बना रह सकता है।

मध्यम अवधि यानी एक से दो साल के नजरिए से देखें तो Bata India फिलहाल बहुत आकर्षक निवेश विकल्प नहीं माना जा रहा। मजबूत ब्रांड होने के बावजूद बिजनेस ग्रोथ, प्रतिस्पर्धा और ऊंचे वैल्यूएशन जैसी चुनौतियां निवेशकों को सतर्क रहने का संकेत देती हैं। ऐसे में निवेशकों को केवल ब्रांड नाम देखकर उम्मीद नहीं लगानी चाहिए, बल्कि कंपनी की वास्तविक ग्रोथ और कमाई की क्षमता पर भी ध्यान देना जरूरी है।

(शेयर मंथन, 08 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख