शेयर मंथन में खोजें

फ्लेक्सी कैप फंड में निवेश के लिए कौन से दो विकल्प हो सकते हैं बेहतर?

फ्लेक्सी कैप फंड की बात करें तो इस कैटेगरी में HDFC फ्लेक्सी कैप फंड एक अच्छा विकल्प माना गया है।

पिछले साल भी इस फंड को लेकर सकारात्मक राय दी गई थी और इस साल भी इसे निवेश के लिए देख सकते हैं। फंड ने हाल के महीनों में अपनी निवेश रणनीति में थोड़ा बदलाव किया है। इसके तहत लार्ज कैप शेयरों में निवेश बढ़ाया गया है। फिलहाल फंड का करीब 70-74% निवेश लार्ज कैप में है, जबकि लगभग 25% निवेश मिड कैप और स्मॉल कैप शेयरों में किया गया है। इससे संकेत मिलता है कि फंड हाउस को आने वाले समय में लार्ज कैप शेयरों के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

इस कैटेगरी में दूसरा विकल्प ICICI प्रूडेंशियल फ्लेक्सी कैप फंड हो सकता है। हालांकि, निवेशकों के सामने एक ही फंड हाउस के कई फंड होने से पोर्टफोलियो में एक ही जगह अधिक निवेश का जोखिम पैदा हो सकता है। उदाहरण के लिए, अगर किसी निवेशक के पास पहले से ICICI के लार्ज कैप या लार्ज एंड मिड कैप फंड हैं, तो इसी फंड हाउस का एक और फंड चुनने से निवेश एक ही फंड हाउस की रणनीति पर अधिक निर्भर हो सकता है। इसी वजह से HDFC और ICICI के दो अलग-अलग विकल्प सुझाए गए हैं।

दोनों फंडों की निवेश रणनीति में भी अंतर है। ICICI प्रूडेंशियल फ्लेक्सी कैप फंड का करीब 62-63% निवेश लार्ज कैप शेयरों में है, जो HDFC के मुकाबले लगभग 10% कम है। वहीं, इसका स्मॉल कैप में निवेश करीब 24% है, जबकि HDFC फ्लेक्सी कैप में यह लगभग 10-12% है। यानी दोनों फंड अलग-अलग मार्केट कैप वाली कंपनियों में निवेश के जरिए अपने पोर्टफोलियो को मैनेज कर रहे हैं।

परफॉर्मेंस की बात करें तो दोनों फंडों ने एक साल और तीन साल की अवधि में अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि, ICICI फ्लेक्सी कैप फंड तुलनात्मक रूप से नया है और इसके पांच साल के सभी रोलिंग रिटर्न का पर्याप्त ट्रैक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद बाजार की अलग-अलग परिस्थितियों में दोनों फंडों का प्रदर्शन बेहतर रहा है। अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 के बीच बाजार में रिकवरी के दौरान और जनवरी 2026 के बाद बाजार में आई गिरावट के समय भी ये फंड अपने प्रदर्शन के आधार पर टॉप 20-30% फंडों में शामिल रहे। इससे संकेत मिलता है कि बाजार में उतार-चढ़ाव के दौरान इनकी पूंजी में गिरावट को नियंत्रित करने की क्षमता रही है। इसी आधार पर फ्लेक्सी कैप कैटेगरी में HDFC फ्लेक्सी कैप और ICICI प्रूडेंशियल फ्लेक्सी कैप को दो विकल्पों के तौर पर सुझाया गया है।


(शेयर मंथन, 20 नवंबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!

सुख-साधन