शेयर मंथन में खोजें

क्या भारतीय शेयर बाजार में निवेश का बेहतर मौका बन रहा है?

भारतीय शेयर बाजार को लेकर वैश्विक ब्रोकरेज फर्म HSBC का नजरिया सकारात्मक हुआ है।

HSBC ने अपनी 9 नवंबर 2026 की एशिया इक्विटी स्ट्रैटेजी रिपोर्ट में भारत की रेटिंग को 'न्यूट्रल' से बढ़ाकर 'ओवरवेट' कर दिया है। इसके साथ ही चीन की रेटिंग को 'ओवरवेट' से घटाकर 'न्यूट्रल' कर दिया गया है। ब्रोकरेज का मानना है कि पिछले दो वर्षों में भारतीय बाजारों के कमजोर प्रदर्शन और वैल्यूएशन में आई गिरावट के बाद अब निवेश के लिहाज से भारत की स्थिति पहले से बेहतर हुई है। मजबूत कॉरपोरेट कमाई, घरेलू मांग, कर्ज की बढ़ती उपलब्धता और सरकारी पूंजीगत खर्च भारतीय अर्थव्यवस्था को सहारा दे रहे हैं। HSBC के मुताबिक, ऐसे समय में जब वैश्विक निवेशक AI से जुड़ी कंपनियों में अपने निवेश का जोखिम कम करना चाहते हैं, भारत एक आकर्षक विकल्प बनकर उभर रहा है।

HSBC का कहना है कि भारतीय शेयर बाजार ने पिछले दो वर्षों में दूसरे उभरते एशियाई बाजारों की तुलना में कमजोर प्रदर्शन किया है। इसकी प्रमुख वजह ऊंचे वैल्यूएशन, AI कंपनियों की ओर निवेशकों का बढ़ता रुझान, महंगा कच्चा तेल और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताएं रही हैं। हालांकि, इस दौरान भारतीय कंपनियों की कमाई में मजबूती बनी रही है। ब्रोकरेज का मानना है कि बाजार में आई गिरावट के बाद वैल्यूएशन अब ऐतिहासिक औसत के करीब पहुंच गए हैं। खासतौर पर बड़ी कंपनियों के शेयरों में सुधार के कारण निवेश के अवसर बेहतर हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, FTSE India का फॉरवर्ड प्राइस-टू-अर्निंग (P/E) अनुपात करीब 19 गुना है, जो इसके दीर्घकालिक औसत के आसपास है। इसके अलावा, ग्लोबल इमर्जिंग मार्केट (GEM) फंड्स में से केवल 22 फीसदी ही भारत में ओवरवेट हैं। इससे संकेत मिलता है कि विदेशी संस्थागत निवेशकों की ओर से भारतीय बाजार में निवेश बढ़ने की गुंजाइश बनी हुई है।

भारतीय बाजार को लेकर सकारात्मक नजरिए की एक बड़ी वजह मजबूत घरेलू अर्थव्यवस्था भी है। HSBC के अनुसार, देश में कर्ज की मांग बढ़ रही है और सरकारी पूंजीगत खर्च से आर्थिक गतिविधियों को समर्थन मिल रहा है। कंपनियों की कमाई में सुधार और ब्याज दरों के दबाव के बावजूद आर्थिक विकास की रफ्तार बनी हुई है। ब्रोकरेज का मानना है कि आने वाली तिमाहियों में महंगे ऊर्जा आयात के कारण कुछ कंपनियों की कमाई के अनुमानों में मामूली कटौती हो सकती है, लेकिन इसका असर इतना बड़ा नहीं होगा कि बाजार का समग्र नजरिया कमजोर पड़ जाए। भारत की घरेलू मांग आधारित अर्थव्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश उसे दूसरे एशियाई बाजारों की तुलना में अलग पहचान देते हैं।

सेक्टर के लिहाज से HSBC ने बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, ऑटोमोबाइल, रिटेल, रियल एस्टेट, इंडस्ट्रियल और हॉस्पिटल सेक्टर को प्राथमिकता दी है। ब्रोकरेज के मुताबिक, बैंकों को कर्ज की मांग में सुधार और बेहतर आर्थिक विकास का फायदा मिल सकता है। वहीं, इंडस्ट्रियल सेक्टर में कैपिटल गुड्स, सीमेंट, पोर्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज कंपनियों में अवसर दिखाई दे रहे हैं। कंज्यूमर सेक्टर में ब्रोकरेज की पसंद कंज्यूमर स्टेपल्स के मुकाबले कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी कंपनियां हैं। इसमें खासतौर पर रिटेल और ऑटोमोबाइल कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा, नियामकीय अनिश्चितताओं के बावजूद इंश्योरेंस और हॉस्पिटल सेक्टर में लंबी अवधि की ग्रोथ की संभावनाएं देखी जा रही हैं।

हालांकि, भारतीय बाजार के सामने कुछ चुनौतियां भी बनी हुई हैं। इनमें सबसे बड़ा जोखिम कच्चे तेल की ऊंची कीमतें हैं। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए आयात पर काफी निर्भर है। ऐसे में लंबे समय तक तेल महंगा रहने से कंपनियों के मुनाफे पर दबाव पड़ सकता है। इसका असर रुपये की विनिमय दर और महंगाई पर भी देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड की कीमतें रिपोर्ट तैयार किए जाने के समय करीब 99 डॉलर प्रति बैरल थीं। इसके अलावा, कमजोर मानसून और ग्रामीण मांग में सुस्ती भी चिंता का विषय है। देश के 44 फीसदी जिलों में सामान्य से कम मानसूनी बारिश दर्ज की गई है। इसका असर गर्मियों में खरपतवारनाशक और बीजों की मांग पर पड़ा है। ट्रैक्टर बिक्री की रफ्तार भी धीमी हुई है। वहीं, जलाशयों का स्तर अपनी कुल क्षमता से 34 फीसदी नीचे था, जिससे रबी फसलों की बुवाई और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ सकती हैं।

दूसरी ओर, चीन को लेकर HSBC का नजरिया कमजोर हुआ है। ब्रोकरेज ने चीन की इक्विटी रेटिंग को ओवरवेट से घटाकर न्यूट्रल कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, चीन के शेयर बाजार में हालिया गिरावट के बाद वैल्यूएशन आकर्षक जरूर हुए हैं, लेकिन बाजार में लंबे समय तक तेजी लाने वाले मजबूत कारण फिलहाल सीमित हैं। कमजोर घरेलू मांग, उपभोक्ताओं के घटते भरोसे, प्रॉपर्टी सेक्टर का दबाव और निजी निवेश में सुस्ती चीन की अर्थव्यवस्था के लिए चुनौतियां बनी हुई हैं। इसके अलावा, निवेशकों की भागीदारी में भी कमजोरी दिखाई दे रही है। हालांकि, चीन के बैंकिंग, बायोटेक, टेक हार्डवेयर और आकर्षक डिविडेंड देने वाली कंज्यूमर कंपनियों में ब्रोकरेज को अवसर नजर आते हैं।

(शेयर मंथन, 09 नवंबर 2026)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

  • इस बार ज्यादा मजबूत है तेजी टिकने की आशा - निवेश मंथन (अक्टूबर 2026)

    अभी कुछ ही दिनों पहले तक लग रहा था कि यह दीपावली शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए थोड़ी ठंडी रहने वाली है, क्योंकि 2 साल से बाजार ठंडा चल रहा है। पर अमेरिकी चुनाव के नतीजों से कच्चे तेल के भाव लुढ़के और एआई के लिए वैश्विक निवेशकों की दीवानगी भी टूटी।

  • बीमा क्षेत्र के लिए दबा रीसेट बटन - निवेश मंथन (सितंबर 2026)

    एक चर्चित विज्ञापन की टैगलाइन थी – पूरे घर के बदल डालूँगा! बीमा क्षेत्र के नियामक – भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) ने हाल में अपने एक विमर्श पत्र (कंसल्टेशन पेपर) में पूरे बीमा क्षेत्र में सुधार लाने वाले इतने व्यापक बदलावों का प्रस्ताव रखा है, मानो इरडा ने कहा हो – पूरे घर को बदल डालूँगा!