शेयर मंथन में खोजें

तो आखिर नहीं टिक सका निफ्टी (Nifty) 5500 के ऊपर

राजीव रंजन झा : कल की तीखी गिरावट से पहले इस सोमवार को बाजार फिर से हरियाली के जोश में लौटता दिख रहा था, लेकिन मैं इस हरियाली पर भरोसा नहीं कर पा रहा था।
इसीलिए सोमवार 2 सितंबर की सुबह में शुरुआती कारोबार में बाजार की तेजी देखने के बाद भी मैंने लिखा था कि “आज सुबह की इस हरियाली पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है।” ऐसा लग रहा था कि निफ्टी अगर 5530 की बाधा पार करे तो तो कुछ समय के लिए तकनीकी परिस्थितियाँ बदल सकती हैं।  शुक्रवार 30 अगस्त को भी मैंने जिक्र किया था कि 5529 पार करके इसके ऊपर टिकने पर पिछले कुछ हफ्तों से निचले शिखर और निचली तलहटी बनने का सिलसिला टूटेगा।
लेकिन यहीं पर मुझे एक खतरा दिख रहा था। खतरा यह था कि 5530 पार होने पर “इसी पहलू को देख कर शायद बाजार में कुछ लोग फँस सकते हैं।” मैंने लिखा था, “यह कहना मुश्किल है कि बाजार इन्हीं स्तरों से वापस नीचे की दिशा पकड़ेगा या 5600-5630 से 5700-5750 के आसपास से। लेकिन यह कहने में मुझे ज्यादा संकोच नहीं होगा कि यह इस क्रम में जितना आगे जायेगा, बाजार के लिए जोखिम उतना बढ़ता जायेगा।” कल की तीखी गिरावट के बाद स्पष्ट है कि जोखिम का यह अंदेशा बेवजह नहीं था!
थोड़ा और पहले 27 अगस्त की सुबह भी मैंने यह सवाल रखा था कि क्या अभी 5500 के ऊपर टिक सकेगा निफ्टी? तब मैंने लिखा था, “अगर यह मोटे तौर पर 5500-5510 को पार कर सके तो 5755-5254 की 61.8% वापसी के स्तर 5563 को पहला स्वाभाविक लक्ष्य माना जा सकता है। चाहें तो इस लक्ष्य को 5575 भी मान सकते हैं, क्योंकि 23 जुलाई के पिछले शिखर 6093 से 5254 तक की गिरावट की 38.2% वापसी 5575 पर बैठती है।” ध्यान दें कि कल सुबह-सुबह के ऊपरी स्तर 5581 पर निफ्टी ने इसी लक्ष्य को छुआ। लेकिन मोटी बात यही है कि 5500 के ऊपर टिक पाने पर सवालिया निशान था और यह 5500 के ऊपर जाने के बाद भी इसके ऊपर टिक नहीं पाया।
खैर, अब सवाल यह है कि आगे बाजार की चाल कैसी रह सकती है? कल की तीखी गिरावट से निफ्टी ने अपने दैनिक चार्ट पर सबसे ताजा शिखर 5581 पर बना लिया है। इससे पहले जुलाई-अगस्त का चार्ट देखें, तो निफ्टी ने पहले 6093 से 5487 तक, यानी 606 अंक की गिरावट दर्ज की। इसके बाद यह 5755 से 5119 तक, यानी 636 अंक गिरा। इसीलिए मैंने 30 अगस्त की सुबह लिखा था कि अगर कहीं निफ्टी ने मौजूदा स्तरों के आसपास से फिर फिसलना शुरू किया और पिछली दो बार की संरचना को ही दोहराया तो नीचे की नयी चाल इसे 5000 के नीचे ले जा सकती है। लेकिन अब हमें सबसे ताजा शिखर दिख रहा है। इसलिए 5581 के ताजा शिखर से 600-635 अंक जैसी गिरावट इसे 4950-5000 के आसपास कहीं ले जा सकती है।
आपको याद होगा कि इस साल अप्रैल की तलहटी 5477 से मई में 6229 तक की उछाल दर्ज हुई थी। इसके बाद की गिरावट में 7 अगस्त को निफ्टी बिल्कुल इसके पास 5487 तक गिरने के बाद सहारा लिया, लेकिन अगली गिरावट में 5477 का सहारा नहीं बच पाया और निफ्टी 28 अगस्त को 5119 तक लुढ़का। इस दौरान बाजार ने जब भी वापस सँभलने की कोशिश की तो निफ्टी को 5470-5500 के आसपास ही बाधा मिलती रही। अब यह देखिए कि 5477-6229 की उछाल की 100% वापसी पूरी हो जाने के बाद इसके नीचे अगला बड़ा पड़ाव कहाँ बनता है। यह बड़ा पड़ाव है 161.8% वापसी का, जो 5013 पर आता है। यानी इस लिहाज से भी निफ्टी के लिए करीब-करीब 5000 का एक स्वाभाविक लक्ष्य बन रहा है, जो इसके लिए एक महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक स्तर भी है।
हो सकता है कि निफ्टी एक झटके में वहाँ तक न जाये। बीच की अवधि में होने वाले उतार-चढ़ाव के नजरिये से आज मेरी नजर लगभग 5300 पर रहेगी। अगर निफ्टी इसके भी नीचे जाने लगा तो 5119 से 5581 तक की सबसे ताजा उछाल की 61.8% वापसी का स्तर 5295 टूटने पर 80% का स्तर 5211 इसका अगला लक्ष्य बनेगा। इसके बाद 5119 और फिर आगे 5000 के पड़ाव बन सकते हैं।
लेकिन निफ्टी यहाँ से, या अगले पड़ाव से सहारा लेकर वापस ऊपर की ओर पलटे तो इस बात पर खास नजर रहेगी कि इस संरचना में 38.2% वापसी का स्तर 5405 पार होता है या नहीं। इसे पहली बड़ी बाधा समझ सकते हैं। अगर यह पार हो भी जाये तो 23.6% वापसी का स्तर 5472 पार करना ज्यादा टेढ़ी खीर होगी। Rajeev Ranjan Jha
(शेयर मंथन, 04 सितंबर 2013)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन : डाउनलोड करें

बाजार सर्वेक्षण (जनवरी 2023)

Flipkart

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"