शेयर मंथन में खोजें

बाजार में सबसे ज्यादा भरोसा किन शेयरों पर? एक्सपर्ट ने बताए पसंदीदा शेयर

शेयर बाजार में निवेश के लिए किसी एक समय पर पूरा पैसा लगाने के बजाय धीरे-धीरे निवेश करना ज्यादा बेहतर रणनीति हो सकती है।

कोटक के रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान कहना है कि बाजार में लगातार खबरों और वैश्विक घटनाक्रम का असर बना हुआ है, ऐसे में किसी एक स्तर को देखकर पूरी रकम निवेश कर देना जोखिम भरा हो सकता है। बाजार में आगे भी निवेश के मौके बनेंगे, इसलिए निवेशकों को धैर्य रखते हुए चयनात्मक तरीके से आगे बढ़ना चाहिए।

ऑटो सेक्टर में विशेषज्ञ की पसंद महिंद्रा एंड महिंद्रा और टीवीएस मोटर है। टीवीएस मोटर मौजूदा स्तरों पर अपनी उचित वैल्यू के करीब कारोबार कर रहा है, लेकिन आने वाली तिमाहियों के नतीजों को लेकर उम्मीद सकारात्मक है। इसके अलावा ऑटो सेक्टर में एक अन्य कंपनी को भी निगरानी सूची में रखने की बात कही गई है, क्योंकि कंपनी निचले इंजन क्षमता वाले दोपहिया बाजार में विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है।

मेटल सेक्टर में वेदांता एल्युमिनियम और जेएसडब्ल्यू स्टील को पसंदीदा शेयरों में शामिल किया गया है। मेटल कंपनियों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कीमतों में बढ़ोतरी का फायदा मिला है। वेदांता एल्युमिनियम में करीब 20 प्रतिशत की संभावित बढ़त का अनुमान जताया गया है, जबकि जेएसडब्ल्यू स्टील में 10 से 15 प्रतिशत तक की संभावित बढ़त की बात कही गई है। हालांकि निवेश को धीरे-धीरे करने की सलाह दी गई है।

डिफेंस सेक्टर में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स को लंबी अवधि के नजरिए से पसंद किया गया है। विशेषज्ञ का मानना है कि मौजूदा वैल्यूएशन महंगे हैं, लेकिन लंबी अवधि के निवेशक इन दोनों कंपनियों पर नजर रख सकते हैं। वहीं बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्र में एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और श्रीराम फाइनेंस को पसंदीदा शेयरों में रखा गया है। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के कारण बीएफएसआई सेक्टर पर दबाव है, लेकिन यह दबाव कम होने पर इन शेयरों में तेजी की गुंजाइश बन सकती है।

नई अर्थव्यवस्था से जुड़ी कंपनियों में भी विशेषज्ञ ने इटरनल और नाइका को पसंद किया है। वहीं पूंजी बाजार से जुड़ी थीम में ग्रोव बिल्डिंग ब्लॉक्स यानी ग्रो पर सकारात्मक नजरिया जताया गया है। इस तरह विशेषज्ञ की पसंद केवल लार्ज कैप शेयरों तक सीमित नहीं है, बल्कि अलग-अलग सेक्टर और मार्केट कैप वाली कंपनियों में अवसर तलाशने की रणनीति दिखाई देती है।


(शेयर मंथन, 24 अगस्त 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख