शेयर मंथन में खोजें

क्या अगले 6 महीनों में बैंकिंग सेक्टर पर रह सकता है दबाव? जानें एक्सपर्ट की राय

हालिया बाजार तेजी में बैंकिंग सेक्टर ने अग्रणी भूमिका निभाई, जबकि आईटी सेक्टर अपेक्षाकृत सुस्त बना रहा। यह स्थिति बाजार के भीतर चल रही सेक्टोरल असमानता को दिखाती है।

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार कहते है कि बैंकिंग शेयरों में तेजी का एक कारण यह हो सकता है कि निवेशक गिरावट के बाद वैल्यूएशन के लिहाज से इन्हें आकर्षक मान रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद आगे का रास्ता पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। अनिश्चितता का सबसे बड़ा कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव है, जिसने भारतीय अर्थव्यवस्था पर दबाव डाला है। भारत जैसे देश, जो तेल आयात पर काफी निर्भर हैं, उनके लिए ब्रेंट क्रूड की कीमतों में अचानक $60 के अनुमान से बढ़कर 100–120 डॉलर के स्तर तक पहुंचना एक बड़ा झटका है। इससे न केवल देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव पड़ता है, बल्कि महंगाई (इन्फ्लेशन) और चालू खाते (Balance of Payments) पर भी असर पड़ता है। इस स्थिति का सीधा प्रभाव बैंकिंग सेक्टर पर पड़ता है, क्योंकि आर्थिक गतिविधियों में सुस्ती आने पर क्रेडिट ग्रोथ और एसेट क्वालिटी दोनों प्रभावित हो सकते हैं।

ब्याज दरों को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। कुछ समय पहले तक जहां दरों में बढ़ोतरी की आशंका थी, वहीं अब तेल की कीमतों में संभावित गिरावट की उम्मीद से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि दरें स्थिर रह सकती हैं या साल के अंत तक कटौती भी संभव है। इस तरह हर दिन बदलते आर्थिक संकेत बाजार को अस्थिर बनाए रखते हैं।

ऐसे माहौल में यह समझना जरूरी है कि बैंकिंग सेक्टर के लिए अल्पकाल (अगले 6 महीनों) में चुनौतियां बनी रह सकती हैं। हालांकि लंबी अवधि में यह सेक्टर मजबूत बना रह सकता है, लेकिन फिलहाल तेल की कीमतों और वैश्विक परिस्थितियों के कारण दबाव झेलना पड़ेगा। निवेशकों को यह ध्यान रखना चाहिए कि निकट भविष्य में बैंकिंग शेयरों से बहुत अधिक रिटर्न की उम्मीद करना जल्दबाजी हो सकती है, जबकि वास्तविक अवसर अगले वित्त वर्ष में बेहतर आर्थिक स्थिरता के साथ उभर सकते हैं।

 



(शेयर मंथन, 27 मार्च 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख