शेयर मंथन में खोजें

तेल संकट के बीच कोयला या पावर सेक्टर में मौका या जोखिम?

वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में कोयला और पावर सेक्टर एक बार फिर निवेशकों के केंद्र में आ गए हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह ऊर्जा की बढ़ती मांग और कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की अनिश्चितता है।

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार कहते है कि जब भी पेट्रोल और डीजल के विकल्प की बात होती है, तो बिजली उत्पादन की ओर रुख करना पड़ता है, और भारत जैसे देशों में अभी भी बिजली का एक बड़ा हिस्सा कोयले से ही उत्पन्न होता है। ऐसे में कोयला और पावर सेक्टर को पूरी तरह नजरअंदाज करना व्यावहारिक नहीं है, भले ही दुनिया क्लाइमेट डील और रिन्यूएबल एनर्जी की बात क्यों न कर रही हो। हकीकत यह है कि वैश्विक स्तर पर बड़े देश खुद फॉसिल फ्यूल का इस्तेमाल जारी रखे हुए हैं। ऐसे में केवल नैतिकता के आधार पर इन सेक्टर्स से दूरी बनाना निवेश के लिहाज से सही रणनीति नहीं मानी जा सकती। कोयला और पावर सेक्टर की उपयोगिता आने वाले कई वर्षों तक बनी रहने वाली है। खासकर भारत जैसे विकासशील देश में, जहां ऊर्जा की मांग तेजी से बढ़ रही है, वहां इन सेक्टर्स की अहमियत और भी ज्यादा है।

हालांकि, निवेश के नजरिए से एक महत्वपूर्ण बात यह है कि इन स्टॉक्स को “टैक्टिकल” तरीके से देखना ज्यादा बेहतर हो सकता है, न कि “स्ट्रेटेजिक” यानी लंबे समय के कोर पोर्टफोलियो के रूप में। उदाहरण के तौर पर Coal India Limited जैसी कंपनियां मजबूत डिविडेंड यील्ड देती हैं, लेकिन इनमें बहुत ऊंचे वैल्यूएशन पर निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है। यदि कोई स्टॉक पहले 4-5 के PE पर ट्रेड करता था और अब 10 या 15 के PE पर पहुंच गया है, तो आगे की तेजी सीमित हो सकती है और करेक्शन का जोखिम बढ़ जाता है। इसी तरह पावर सेक्टर में भी अवसर तो हैं, लेकिन निवेशकों को सतर्क रहना होगा। अगर बाजार में सेंटीमेंट बदलता है या वैल्यूएशन ज्यादा खिंच जाते हैं, तो गिरावट भी तेज हो सकती है। इसलिए इन सेक्टर्स में एंट्री लेते समय यह समझना जरूरी है कि यह एक शॉर्ट-टू-मीडियम टर्म की थीम हो सकती है, जहां सही समय पर एंट्री और एग्जिट बहुत मायने रखती है।

दूसरी ओर, कच्चे तेल की कीमतें भी बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा रही हैं। ब्रेंट क्रूड का स्तर अभी भी ऊंचा बना हुआ है और 90 डॉलर के नीचे ठंडक के संकेत नहीं मिल रहे हैं। यदि कीमतें 110-120 डॉलर के ऊपर जाती हैं, तो वैश्विक बाजार में अस्थिरता और महंगाई दोनों बढ़ सकती हैं। इससे ऊर्जा लागत बढ़ेगी और इसका सीधा असर अर्थव्यवस्था और कंपनियों के मार्जिन पर पड़ेगा।

इसके अलावा, भू-राजनीतिक तनाव जैसे रूस-यूक्रेन संघर्ष और मध्य-पूर्व की स्थिति ने सप्लाई चेन को और जटिल बना दिया है। भारत जैसे देश, जो कई देशों से तेल आयात करते हैं, उन्हें अब “जहां से सस्ता और उपलब्ध हो” उसी आधार पर खरीद करनी पड़ रही है। इस स्थिति में कीमतों का सही अनुमान लगाना भी मुश्किल हो गया है। मौजूदा माहौल में कोयला और पावर सेक्टर एक टैक्टिकल अवसर जरूर प्रदान करते हैं, लेकिन इसमें निवेश करते समय जोखिम को समझना और सही रणनीति बनाना बेहद जरूरी है। वहीं, कच्चे तेल की कीमतें और वैश्विक घटनाएं आगे भी बाजार की दिशा तय करती रहेंगी, इसलिए निवेशकों को इन फैक्टर्स पर लगातार नजर बनाए रखनी चाहिए।

 



(शेयर मंथन, 02 अप्रैल 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख