हाल ही में एचडीएफसी बैंक को लेकर बाजार में जो हलचल देखने को मिली है, उसने निवेशकों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है। आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार कहते है कि खासतौर पर बैंक के चेयरमैन के इस्तीफे के दौरान दिए गए बयान ने सेंटीमेंट को झटका दिया है। एक ऐसा बैंक जिसे लंबे समय तक बैंकिंग सेक्टर का “गोल्ड स्टैंडर्ड” माना जाता रहा, उसके बारे में इस तरह के अस्पष्ट और नकारात्मक संकेत निवेशकों को असहज करते हैं। हालांकि, बैंक प्रबंधन और बोर्ड की ओर से तुरंत सफाई दी गई है और यह स्पष्ट किया गया है कि न तो गवर्नेंस, न ही एनपीए और न ही परफॉर्मेंस को लेकर कोई नियामकीय चिंता है। ऐसे में यह घटना ज्यादा सेंटीमेंट आधारित झटका लगती है, न कि फंडामेंटल कमजोरी का संकेत।
टेक्निकल नजरिए से देखें तो एचडीएफसी बैंक इस समय काफी ओवरसोल्ड स्थिति में है, जिससे शॉर्ट टर्म में बाउंस की संभावना बनती है। हालांकि, चार्ट स्ट्रक्चर अभी भी कमजोरी की ओर इशारा करता है। 800 रुपये के आसपास का स्तर एक अहम सपोर्ट के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन इसके नीचे का क्लोज मजबूत नहीं माना जाएगा। वहीं, 850 रुपये के ऊपर अगर यह स्टॉक टिकता है, तो गिरावट के ट्रेंड में कुछ राहत मिल सकती है। इसके अलावा, 950 रुपये के ऊपर क्लोजिंग आने पर ही एक ठोस रिवर्सल की संभावना बनती है। जब तक यह स्तर पार नहीं होता, तब तक “सेल ऑन राइज” का ट्रेंड बना रह सकता है।
निवेश के लिहाज से इस समय सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जल्दबाजी में कोई बड़ा फैसला न लिया जाए। मौजूदा स्थिति में न तो आक्रामक खरीदारी की सलाह दी जा सकती है और न ही घबराकर पूरी तरह बाहर निकलने की। बेहतर यही होगा कि निवेशक कुछ दिनों तक बाजार के व्यवहार और आगे आने वाले घटनाक्रम पर नजर रखें। अगर हालात स्थिर होते हैं और स्टॉक मजबूत स्तरों के ऊपर टिकता है, तभी स्पष्ट दिशा बन पाएगी। एचडीएफसी बैंक में आई गिरावट फिलहाल अधिकतर सेंटीमेंट आधारित दिख रही है, जबकि फंडामेंटल मजबूत बने हुए हैं। ऐसे में धैर्य और सही स्तरों का इंतजार ही इस समय की सबसे समझदारी भरी रणनीति मानी जाएगी।
(शेयर मंथन, 21 मार्च 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)