शेयर मंथन में खोजें

निफ्टी 24,000 के नीचे, क्या अब बाजार में बढ़ सकती है गिरावट की चिंता?

भारतीय शेयर बाजार में कमजोरी का दौर देखने को मिला और निफ्टी करीब 150 अंक की गिरावट के साथ 24,000 के नीचे बंद हुआ।

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि मौजूदा स्तर पर सबसे बड़ी चिंता निफ्टी का 24,000 के नीचे क्लोज होना है। उनका कहना है कि इसे बाजार में किसी बड़े क्रैश का संकेत नहीं माना जाना चाहिए, लेकिन इंडेक्स का शॉर्ट-टर्म ट्रेंड जरूर कमजोर हुआ है। ऐसे में निवेशकों के लिए घबराने के बजाय सतर्क रहना और आगे की रणनीति तैयार रखना ज्यादा जरूरी है।

सोमेश कुमार के अनुसार, जब तक निफ्टी 24,400 के ऊपर मजबूती से क्लोज नहीं करता, तब तक इंडेक्स के ट्रेंड को नकारात्मक नजरिए से देखना बेहतर होगा। हालांकि, ब्रॉडर मार्केट का ट्रेंड अभी पूरी तरह खराब नहीं हुआ है। बाजार में कई स्तरों पर सपोर्ट मौजूद हैं, लेकिन 24,000 के नीचे फिसलने के बाद जोखिम बढ़ गया है। उनके मुताबिक, फिलहाल बाजार में ‘सेल ऑन राइज’ की रणनीति अपनाना ज्यादा उचित हो सकता है। निफ्टी के लिए 24,400-24,450 का स्तर महत्वपूर्ण रहेगा और इसके ऊपर वापसी बाजार की धारणा को फिर से मजबूत कर सकती है।

बाजार पर दबाव बढ़ाने वाला सबसे बड़ा कारण अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव है। तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी देखने को मिल रही है। यदि ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर चला जाता है तो भारतीय बाजार के लिए मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। महंगा कच्चा तेल भारत की अर्थव्यवस्था, महंगाई और कॉरपोरेट मुनाफे पर दबाव डाल सकता है। यही वजह है कि निवेशकों की नजर अब केवल घरेलू संकेतकों पर नहीं बल्कि वैश्विक घटनाक्रम और क्रूड की कीमतों पर भी बनी रहेगी।

सोमेश कुमार का मानना है कि मौजूदा परिस्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन तैयारी जरूर होनी चाहिए। यदि आने वाले दिनों में भू-राजनीतिक तनाव कम होता है और क्रूड की कीमतें नीचे आती हैं तो बाजार में तेजी की वापसी संभव है। वहीं, यदि क्रूड 100 डॉलर के पार जाता है और तनाव लंबा खिंचता है, तो बाजार में एक और करेक्शन देखने को मिल सकता है। इसलिए फिलहाल निवेशकों के लिए सावधानी के साथ बाजार की दिशा पर नजर रखना सबसे अहम रणनीति हो सकती है।


(शेयर मंथन, 03 सितंबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख