अभय पांडे जानना चाहते हैं कि उन्हें जीपीटी हेल्थकेयर (GPT Healthcare) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? उन्होंने 155 रुपये के भाव पर 300 शेयर खरीदे हैं और उनका नजरिया लंबी अवधि का है। आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि फंडामेंटल के लिहाज से कंपनी के रिटर्न रेशियो और अन्य पैरामीटर में फिलहाल कोई बड़ी कमजोरी नजर नहीं आती। हालांकि वैल्यूएशन के मामले में यह स्टॉक सेल्स के आधार पर थोड़ा महंगा दिखाई देता है, क्योंकि हाल के समय में कंपनी की सेल्स ग्रोथ उतनी मजबूत नहीं रही है।
दिसंबर तिमाही में कंपनी की सेल्स ग्रोथ करीब 17% रही, लेकिन सालाना आधार पर देखा जाए तो ग्रोथ कुछ हद तक फ्लैट रही है। इसी वजह से वैल्यूएशन थोड़ी महंगी लगती है। इसके अलावा मौजूदा समय में शेयर बाजार का माहौल भी बहुत मजबूत नहीं है, खासकर स्मॉलकैप शेयरों में दबाव देखने को मिल रहा है। इसी कारण GPT हेल्थकेयर के शेयर में भी दबाव बना हुआ है और निवेशकों को फिलहाल थोड़ा इंतजार करने की सलाह दी जा रही है।
तकनीकी दृष्टि से देखें तो जब किसी शेयर में नया लो बन जाता है, तो उसे स्थिर होने के लिए थोड़ा समय देना जरूरी होता है। फिलहाल इस स्टॉक के लिए 50-डे मूविंग एवरेज लगभग 133 रुपये के आसपास है। जब तक शेयर इस स्तर के ऊपर मजबूती से नहीं निकलता, तब तक इसमें नई खरीदारी करना या एडवेंचर करना जोखिम भरा हो सकता है। यदि यह 133 रुपये के ऊपर टिकने में सफल होता है, तो 121 रुपये का स्तर एक अहम सपोर्ट के रूप में काम कर सकता है, जिसे निवेशक रिस्क मैनेजमेंट के लिए ध्यान में रख सकते हैं।
कुल मिलाकर, लंबे समय के नजरिये से कंपनी के फंडामेंटल पूरी तरह खराब नहीं हैं, लेकिन मौजूदा बाजार की कमजोरी और वैल्यूएशन के कारण अभी इसमें और दबाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में निवेशकों को जल्दबाजी में फैसला लेने के बजाय स्टॉक के तकनीकी स्तरों में सुधार का इंतजार करना बेहतर रणनीति हो सकती है।
(शेयर मंथन, 06 मार्च 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)