शेयर मंथन में खोजें

टीसीएस में फंसे निवेशक क्या करें? एवरेजिंग या एग्जिट?

आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी टीसीएस में लगातार गिरावट ने कई निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।

जिन निवेशकों ने यह शेयर 3000 या 3500 रुपये के आसपास खरीदा था, वे अब नुकसान में बैठे हैं और उनके मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या यहां से शेयर और गिरेगा या फिर अब इसमें रिकवरी की संभावना है। कई निवेशक एवरेजिंग करने की सोच रहे हैं, जबकि कुछ लोग यह मान रहे हैं कि यदि शेयर में जल्द सुधार नहीं होना है तो पैसा लंबे समय तक फंसा कर रखने का फायदा क्या है।

अविनाश मेंटर रिसर्च सर्विसेज के संस्थापक अविनाश गोरक्षकर का कहना है कि ऐसे समय में निवेशकों को भावनात्मक फैसलों से बचना चाहिए। यदि किसी निवेशक के पास अतिरिक्त निवेश क्षमता है, तो केवल नुकसान वाले शेयरों में एवरेजिंग करने के बजाय उन सेक्टर्स की तरफ ध्यान देना चाहिए जहां आने वाले समय में तेज़ ग्रोथ की संभावना अधिक दिखाई दे रही हो। फिलहाल घरेलू मांग आधारित सेक्टर्स में अच्छी मजबूती देखने को मिल रही है, खासतौर पर हॉस्पिटल सेक्टर तेजी से उभरता नजर आ रहा है।

भारत का हॉस्पिटल और हेल्थकेयर सेक्टर इस समय मजबूत ग्रोथ फेज में है। बड़े और मझोले अस्पतालों की मांग लगातार बढ़ रही है और कई कंपनियां मजबूत EBITDA मार्जिन के साथ काम कर रही हैं। सरकार की तरफ से भी हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे इस सेक्टर की संभावनाएं और मजबूत होती दिखाई दे रही हैं। इसी वजह से निवेशकों को चुनिंदा हॉस्पिटल कंपनियों पर नजर रखने की सलाह दी जा रही है। इस मामले में अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज, यथार्थ हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा केयर सर्विसेज और पार्क मेडी वर्ल्ड जैसे नाम बेहतर विकल्प के रूप में सामने आ रहे हैं।

निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो की समय-समय पर समीक्षा करनी चाहिए और जहां लंबे समय तक अंडरपरफॉर्मेंस दिखाई दे रही हो, वहां पूंजी का पुनर्वितरण यानी कैपिटल रिलोकेशन करने पर विचार करना चाहिए। यदि सही सेक्टर्स में समय रहते निवेश किया जाए, तो अगले 6 से 12 महीनों में आईटी सेक्टर में हुए नुकसान की कुछ हद तक भरपाई संभव हो सकती है।

इसके अलावा बैंकिंग और एनबीएफसी सेक्टर को लेकर भी बाजार में सकारात्मक नजरिया बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में इन सेक्टर्स में अच्छी ग्रोथ देखने को मिल सकती है। मौजूदा वैश्विक तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण कई मजबूत कंपनियां आकर्षक वैल्यूएशन पर उपलब्ध हैं, जिससे लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह समय अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

(शेयर मंथन, 04 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख