सुजलॉन एनर्जी लिमिटेड को लेकर ओम प्रकाश जी का सवाल उन निवेशकों की स्थिति को दिखाना है जिन्होंने इस स्टॉक में लंबे समय से धैर्य बनाए रखा है।
अविनाश मेंटर रिसर्च सर्विसेज के संस्थापक अविनाश गोरक्षकर का कहना है कि 55 रुपये के स्तर पर 8000 शेयर होल्ड करने वाले निवेशक के लिए यह समझना जरूरी है कि कंपनी का बिजनेस अब पहले की तुलना में काफी हद तक सुधर चुका है। एक समय पर बेहद दबाव में रहने वाली सुजलॉन अब टर्नअराउंड स्टोरी बन चुकी है, खासकर रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में बढ़ती मांग के चलते। विंड पावर के क्षेत्र में कंपनी एक प्रमुख खिलाड़ी है और इसके पास मजबूत ऑर्डर बुक भी है, जो भविष्य में बेहतर नतीजों की उम्मीद को बढ़ाती है।
तकनीकी दृष्टि से देखें तो स्टॉक ने लंबे समय तक कंसोलिडेशन किया है और हाल ही में इसमें हल्की तेजी देखने को मिली है। करीब 45 रुपये का स्तर इसका मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है, जबकि ऊपर की तरफ 70–75 रुपये तक जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, यह तेजी तुरंत नहीं बल्कि धीरे-धीरे आ सकती है, इसलिए निवेशकों को कम से कम 12–15 महीने का नजरिया रखना जरूरी है।
रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में इस समय सकारात्मक माहौल बना हुआ है। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने की कोशिशों ने विंड और सोलर एनर्जी कंपनियों के लिए अवसर पैदा किए हैं। सरकार भी इस सेक्टर को बढ़ावा दे रही है, जिससे भविष्य में ग्रोथ की संभावनाएं मजबूत होती हैं। इसके अलावा, यह भी माना जा रहा है कि कंपनी के आने वाले तिमाही नतीजे बेहतर हो सकते हैं, जिसके चलते स्टॉक में पहले से ही कुछ खरीदारी (pre-buying) देखने को मिल रही है।
हालांकि, एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि सुजलॉन की इक्विटी कैपिटल काफी बड़ी है, जिसका असर इसके शेयर प्राइस की तेजी पर पड़ता है। यानी इसमें बहुत तेज मल्टीबैगर रिटर्न की बजाय धीरे-धीरे बढ़त देखने को मिल सकती है। कुल मिलाकर, जिन निवेशकों ने अब तक धैर्य रखा है, उनके लिए आगे भी संयम बनाए रखना जरूरी है। सही समय, मजबूत फंडामेंटल और सेक्टर की ग्रोथ के साथ यह स्टॉक आने वाले समय में बेहतर रिटर्न देने की क्षमता रखता है।
(शेयर मंथन, 05 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)