वेदांता ने अपने ताजा तिमाही नतीजों से बाजार को चौंका दिया है। कंपनी के मजबूत रिजल्ट्स के बाद शेयर में करीब 5% की तेज़ी देखने को मिली और निवेशकों ने इन नतीजों का जोरदार स्वागत किया।
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि सबसे बड़ी बात यह रही कि कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर लगभग 89% बढ़ गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा तिमाही लाभ माना जा रहा है। वहीं कंपनी की रेवेन्यू में भी करीब 29% की मजबूत बढ़त दर्ज की गई। विशेषज्ञों के अनुसार, मुनाफे में यह बड़ी छलांग मुख्य रूप से बेहतर मार्जिन के कारण आई है, जिसने बाजार का ध्यान अपनी ओर खींचा।
बाजार जानकारों का कहना है कि मेटल सेक्टर पहले से ही निवेशकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और वेदांता का चार्ट भी मजबूती के संकेत दे रहा है। शेयर की चाल को देखकर ऐसा नहीं लगता कि बाजार में किसी तरह की कमजोरी का दबाव है। हाल के महीनों में शेयर ने बाकी बाजार से अलग प्रदर्शन दिखाया है और मजबूत ट्रेंड बनाए रखा है। ऐसे में अच्छे नतीजों के बाद बाजार की सकारात्मक प्रतिक्रिया काफी हद तक जायज मानी जा रही है।
हालांकि निवेशकों को जरूरत से ज्यादा उत्साहित होने से भी बचने की सलाह दी है। उनका कहना है कि मेटल सेक्टर स्वभाव से बेहद वोलाटाइल होता है और इसमें तेजी के साथ तेज गिरावट का जोखिम भी बना रहता है। तकनीकी नजरिए से 710 रुपये के आसपास का स्तर फिलहाल अहम रिस्क मैनेजमेंट पॉइंट माना जा रहा है। यदि शेयर इस स्तर के ऊपर बना रहता है तो तेजी की लहर आगे भी जारी रह सकती है। लेकिन 710 रुपये के नीचे क्लोजिंग आने पर सतर्क रहने की जरूरत होगी।
मजबूत रिजल्ट्स के बाद फिलहाल ट्रेंड शेयर के पक्ष में दिखाई दे रहा है और निवेशक इस तेजी को “राइड” कर सकते हैं, लेकिन हर स्तर पर रिस्क मैनेजमेंट जरूरी रहेगा। खासकर मेटल सेक्टर में अचानक ट्रेंड बदलने की संभावना हमेशा बनी रहती है, इसलिए निवेशकों को लाभ के साथ-साथ सुरक्षा पर भी बराबर ध्यान देना चाहिए।
(शेयर मंथन, 07 मई 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)